सिमडेगा में शुरू हुआ ई-जनसमाधान कार्यक्रम
सिमडेगा पुलिस ने ई-जनसमाधान कार्यक्रम शुरू किया है। अब नागरिक अपने नजदीकी थाने से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एसपी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
सिमडेगा:आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सिमडेगा पुलिस ने ई-जनसमाधान कार्यक्रम की शुरुआत की है. अब जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग, किसान और अन्य लोग बिना जिला मुख्यालय पहुंचे अपने नजदीकी थाना या ओपी से ही पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
पुलिस के अनुसार, ई-जनसमाधान के माध्यम से सीसीटीएनएस प्रणाली के जरिए निर्धारित समय पर आवेदकों की समस्याएं सीधे एसपी तक पहुंचायी जायेंगी. इससे लोगों को शिकायत दर्ज कराने में सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जुलाई माह में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में 28 लोगों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं. पूर्व से लंबित पांच आवेदनों समेत कुल 33 मामलों में से 29 का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है, जबकि चार मामलों में कार्रवाई जारी है.
ई-जनसमाधान का लाभ लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति को कार्यक्रम से एक दिन पहले जन-शिकायत कोषांग में पंजीकरण कराना होगा. इसके लिए मोबाइल नंबर 9263693966, टोल फ्री नंबर 18003455023 या दूरभाष नंबर 06525-273122 पर संपर्क किया जा सकता है.
आवेदक शाम पांच बजे तक अपना आवेदन एसपी के व्हाट्सएप नंबर 9431116444 या जन-शिकायत कोषांग के मोबाइल नंबर 9263693966 पर भी भेज सकते हैं.
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ई-जनसमाधान कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध करायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










