सावन की तीसरी सोमवारी पर सिमडेगा में उमड़ा कांवड़ियों का जनसैलाब
कांवड़ियों के जयकारों से गूंजा शहर | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर सिमडेगा के सरना मंदिर में कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. बोल बम के जयकारों से गूंजा पूरा शहर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे.
सिमडेगाः जिले में सावन की तीसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. कांवड़ यात्रा की शुरुआत सिमडेगा शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर ओडिशा स्थित वेदव्यास त्रिवेणी संगम से हुई थी. दो दिनों तक पैदल यात्रा करने के बाद सोमवार सुबह कांवड़ियों का जत्था सिमडेगा के सरना बाबा मंदिर पहुंचा.
कांवड़ियों के मंदिर पहुंचते ही पूरा शहर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा. कांवड़ियों की टोली भगवान शिव के भजनों पर झूमते, नाचते और गाते हुए मंदिर पहुंची. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध व्यवस्था की गयी थी. श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा के इंतजाम
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी. पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वहीं, पैदल चलने में असमर्थ कांवड़ियों की सहायता के लिए पुलिस की ओर से वाहनों की भी व्यवस्था की गयी. पुलिस की इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की.
ये भी पढ़ें- सिमडेगाः सड़क पर घायल पड़ा था युवक, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
कांवड़ियों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं की ओर से यात्रा मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे. इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गयी. रात में भी सरना मंदिर के समीप समाजसेवियों की ओर से सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने भोजन ग्रहण किया.
जलाभिषेक के बाद हुआ भंडारा
सरना बाबा मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया. इसमें हजारों की संख्या में महिला और पुरुष कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया. पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सिमडेगा कांवड़िया सेवा समिति ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, सेवा समितियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









