37 किलो गांजा बरामद, उड़ीसा-झारखंड के चार तस्कर गिरफ्तार
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 06 Jun 2026 10:02 PM
37 किलो गांजा बरामद, उड़ीसा-झारखंड के चार तस्कर गिरफ्तार
वरीय संवाददाता सिमडेगा. गुप्त सूचना पर सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केलाघघ डैम किनारे से 37 किलो से अधिक गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरोह ओडिसा से गांजा लाकर सिमडेगा में बिक्री कर रहा था. पांच जून को एसपी श्रीकांत एस खोटरे को सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र के सलडेगा टोंगरी टोली, केलाघाघ डैम किनारे कुछ लोग मोटरसाइकिल पर आकर उजला रंग के बोरे में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया. छापेमारी के दौरान घटना स्थल से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया. तलाशी में मौके से दो मोटरसाइकिल एवं 10.245 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया. हिरासत में लिये गये उदित एडिसन मिंज, उम्र 26 वर्ष गढ़ा टोली नियर गोरोटो, सलडेगा से पूछताछ के बाद उसके घर से 26.750 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इस प्रकार कुल 36.995 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया. ओडिसा से लाकर बेच रहे थे गांजा, मुख्य सप्लायर भी धराया पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों उदित एडिसन मिंज, अमित केरकेट्टा, उम्र 33 वर्ष डीपाटोली सलडेगा तथा रिहातुन रजा अंसारी उर्फ सोनू उर्फ बौना, उम्र 31 वर्ष झारसुगुड़ा उड़ीसा निवासी ने बताया कि वे ओडिसा के टांगरगांव, थाना तलसेरा, जिला सुंदरगढ़ निवासी दुलेश्वर आपट से गांजा खरीद-बिक्री करते हैं. मुख्य सप्लायर दुलेश्वर आपट को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ सदर थाना मामला दर्ज किया गया है. बरामद सामान 36.995 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल: विवो वी29 गुलाबी/मैरून, रेड्मी 14 प्रो प्लस ब्लू और एक एसीई की-पैड नेवी ब्लू , दो बाइक हीरो स्प्लेंडर रजि. नं. जेएच20जी-7704, हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम रजि. नं. जेएच20ए-9615 , नकद 4000 रुपये. गिरफ्तार लोग उदित एडिसन मिंज, अमित केरकेट्टा, रिहातुन रजा अंसारी उर्फ सोनू उर्फ बौना एवं दुलेश्वर आपट को 6 जून को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. कांड का अनुसंधान जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










