मांगों पर विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 May 2026 10:29 PM
ऑनलाइन दवा बिक्री व ई-फार्मेसी के विरोध में बंद रहीं जिले की दवा दुकानें
सिमडेगा. ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को सिमडेगा जिले के दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री व ई-फार्मेसी के विरोध में एकजुट होकर अपनी दुकानों को बंद रखा. जिले के सभी केमिस्टों ने बंद का समर्थन करते हुए संगठन की एकता और मजबूती का परिचय दिया. इस दौरान दवा व्यवसायियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे एवं मध्यम स्तर के केमिस्टों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. साथ ही बिना उचित निगरानी के दवाओं की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है. बंद के दौरान आवश्यक व आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गयी थी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. शाम चार बजे सभी केमिस्ट सिमडेगा स्थित अनूप मेडिकल हॉल के बाहर एकत्रित हुए और संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन किया. एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो आनेवाले समय में आंदोलन को और तेज किया जायेगा. कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बंदी दो दिन, तीन दिन अथवा अनिश्चितकालीन भी की जा सकती है. दवा व्यवसायियों ने एक स्वर में कहा कि अपने हितों की रक्षा के लिए संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










