खाद-बीज की किल्लत से किसान परेशान : अध्यक्ष

भाजपा बोलबा मंडल ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में दिया धरना
सिमडेगा. किसानों की समस्याओं, धान खरीदारी भुगतान में देरी, खाद-बीज संकट व प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर भाजपा बोलबा मंडल ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया. धरना कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ वादा खिलाफी करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा. अध्यक्षता भाजपा बोलबा मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल ने की. जिला महामंत्री सह बोलबा मंडल प्रभारी रवि गुप्ता व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सूरजन बड़ाइक मुख्य रूप से उपस्थित थे. धरना के बाद राज्यपाल के नाम बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया. मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि राज्य के किसान आज समस्याओं से घिरे हुए हैं. सरकार ने चुनाव के समय किसानों से बड़े-बड़े वादे किये थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया. कहा कि किसानों को धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और खाद-बीज की किल्लत से किसान परेशान हैं. जिला महामंत्री सह मंडल प्रभारी रवि गुप्ता ने कहा कि हेमंत सरकार किसानों के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है. बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गयी, लेकिन सरकार की ओर से अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया. कांग्रेस व जेएमएम गठबंधन सरकार ने किसानों को वादा किया था कि 3200 रुपये क्विंटल धान की खरीद होगी, किसानों को सब्सिडी में उर्वरक मिलेगा पर सब झूठ निकला. कहा कि भाजपा किसानों की आवाज को दबने नहीं देगी और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










