शहर का विकास, पारदर्शिता और जनहित हमारी प्राथमिकता : अध्यक्ष

Updated at :13 May 2026 10:11 PM
विज्ञापन
शहर का विकास, पारदर्शिता और जनहित हमारी प्राथमिकता : अध्यक्ष

बंद कमरे में हुई नगर परिषद बोर्ड की दूसरी बैठक

विज्ञापन

सिमडेगा. नगर परिषद बोर्ड की दूसरी बैठक बुधवार को बंद कमरे में हुई. बैठक समाप्त होने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा ने प्रेसवार्ता कर शहर के विकास, पारदर्शिता और जनहित को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. पत्रकारों से बातचीत करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि नगर परिषद शहर के सर्वांगीण विकास और उसकी गरिमा बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है और किसी सूचना को छिपाने की मंशा नहीं थी. उन्होंने कहा कि बोर्ड की प्रारंभिक बैठकों में कई प्रशासनिक और नीतिगत विषयों पर चर्चा होती है, जिन्हें नियमानुसार गोपनीय तरीके से संपन्न करना आवश्यक होता है. अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि विकास योजनाओं से जुड़े सभी निर्णयों की जानकारी पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचायी जायेंगी. शहर की साफ-सफाई को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सफाई एजेंसी के साथ जल्द उच्च स्तरीय बैठक कर सभी वार्डों में नियमित सफाई और समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि सभी वार्डों से प्राप्त विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध किया गया है और किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होगा. इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं वार्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की घोषणा की गयी, ताकि स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके.

पत्रकारों की नो एंट्री पर उठे सवाल

बैठक से पत्रकारों को पूरी तरह दूर रखे जाने को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. शहरी क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों का कहना है कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों की बैठक में उठाये गये मुद्दों की जानकारी जनता तक पहुंचनी चाहिए. लोगों ने सवाल उठाया कि जब संसद और विधानसभा की कार्यवाही के लिए पत्रकार गैलरी की व्यवस्था रहती है, तो नगर परिषद बोर्ड बैठक में ऐसी कौन-सी गोपनीय बातें होती हैं, जिन्हें मीडिया के माध्यम से जनता तक नहीं पहुंचायी जा सकती. शहर के लोगों का कहना है कि नगर परिषद का यह चौथा चुनाव है. इससे पहले पूर्व अध्यक्ष सुंदरी देवी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, संतोषी देवी के कार्यकाल में मीडिया को बैठक की कवरेज की पूरी अनुमति थी. वहीं बाद के अध्यक्ष पुष्पा कुल्लू व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू के कार्यकाल में भी पत्रकारों को फोटो और सीमित कवरेज की छूट मिलती रही. लेकिन वर्तमान अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल के कार्यकाल में शुरुआती दौर से ही पत्रकारों को बोर्ड बैठक से पूरी तरह अलग रखा जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola