कांग्रेस को महिला विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही केंद्र सरकार : भूषण बाड़ा

Published at :21 Apr 2026 10:20 PM (IST)
विज्ञापन
कांग्रेस को महिला विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही केंद्र सरकार : भूषण बाड़ा

महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला

विज्ञापन

सिमडेगा. कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला गया. जिलाध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि भाजपा देश में झूठा और दुर्भावनापूर्ण भ्रम फैला कर कांग्रेस को महिला विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में ही संसद द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है, जो संविधान का 131वां संशोधन है. इसका उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना है. इसके बावजूद भाजपा जान-बूझ कर इस बिल के लागू होने में देरी कर रही है. विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे को परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने से जोड़ कर भटका रही है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को मौजूदा सीटों के आधार पर तुरंत लागू किया जाना चाहिए. इसे परिसीमन से जोड़ना न केवल गलत है, बल्कि इससे छोटे राज्यों को नुकसान होगा और देश की संघीय व्यवस्था भी प्रभावित होगी. उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रक्रिया को लंबा खींच कर चुनावी लाभ उठाना चाहती है और महिला आरक्षण को राजनीतिक एजेंडा बना रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिल 2023 में पास हो चुका है, तो अब तक इसे लागू क्यों नहीं किया गया. कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा ने कहा कि 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से कांग्रेस सरकार ने ही पहली बार पंचायत और शहरी निकायों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाया था. आज लाखों महिलाएं स्थानीय निकायों में नेतृत्व कर रही हैं, जो कांग्रेस की नीतियों का परिणाम है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वन नेशन-वन इलेक्शन परिसीमन और सीट बढ़ाने जैसे मुद्दों के साथ महिला आरक्षण को जोड़ कर असल मुद्दे से ध्यान भटका रही है. कांग्रेस इस विषय पर राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में अभियान चलायेगी और विरोध प्रदर्शन के जरिये भाजपा के प्रचार का जवाब देगी. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय है. कांग्रेस इसे हर हाल में लागू कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. मौके पर सेवा दल संगठन अध्यक्ष सामरोम पॉल तोपनो, जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन, प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, मनोज जायसवाल, एजाज अहमद, मीडिया प्रभारी अरविंद लुगून, अख्तर खान, शकील अहमद, अविनाश मिश्रा, सलमान खान, रोहन जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola