कोलेबिरा के नवाटोली में युवती की गोली मार कर हत्या

Updated:
विज्ञापन
कोलेबिरा के नवाटोली में युवती की गोली मार कर हत्या

घर में घुस कर सिर में मारी गोली, इलाज के दौरान रिम्स ले जाते समय हुई मौत

विज्ञापन

कोलेबिरा. कोलेबिरा थाना के नवाटोली गांव में शनिवार तड़के अज्ञात अपराधियों ने घर में घुस कर 25 वर्षीय युवती की गोली मार कर हत्या कर दी. मृतका की पहचान नवाटोली निवासी मोहम्मद हुसैन की पुत्री जेबा खातून के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है. जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह लगभग चार बजे जेबा खातून अपने माता-पिता के साथ कमरे में सो रही थी. इस दौरान उसकी मां अजान की आवाज सुनकर उठी और दूसरे कमरे में नमाज पढ़ने चली गयी. नमाज अदा कर जब वह वापस कमरे में लौटी, तो देखा कि जेबा जोर-जोर से सांस ले रही थी. उसे उठाने का प्रयास करने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद परिजनों ने देखा कि जेबा के सिर से खून बह रहा है. मां के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल जेबा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलेबिरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया. हालांकि रिम्स पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गयी. मृतका के पिता मोहम्मद हुसैन ने बताया कि बिहार निवासी एक युवक जेबा से शादी करना चाहता था, लेकिन युवक दूसरे धर्म का होने के कारण परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था. परिजनों ने आशंका जतायी है कि उसी युवक ने घटना को अंजाम दिया हो. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. इधर, सूचना मिलने पर कोलेबिरा पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर छानबीन कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola