हर-हर महादेव से गूंज उठे शिवालय

Updated at : 25 Jul 2017 11:12 AM (IST)
विज्ञापन
हर-हर महादेव से गूंज उठे शिवालय

सिमडेगा: सावन की तीसरी सोमवारी पर पूरा शहर बोल बम व हर-हर महादेव के बोल से गूंज उठा. हजारों की संख्या में श्रद्धालु शिवालय पहुंचे तथा जलाभिषेक किया. शिवालयों में कांवरियों का तांता लगा रहा. विशेष रूप से शहरी क्षेत्र के सरना मंदिर में कांवरियों की अत्यधिक भीड़ देखी गयी. यहां जलाभिषेक के लिए करीब […]

विज्ञापन

सिमडेगा: सावन की तीसरी सोमवारी पर पूरा शहर बोल बम व हर-हर महादेव के बोल से गूंज उठा. हजारों की संख्या में श्रद्धालु शिवालय पहुंचे तथा जलाभिषेक किया. शिवालयों में कांवरियों का तांता लगा रहा. विशेष रूप से शहरी क्षेत्र के सरना मंदिर में कांवरियों की अत्यधिक भीड़ देखी गयी. यहां जलाभिषेक के लिए करीब एक किमी तक कांवरियों की लाइन लगी रही. सभी अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये. सरना मंदिर परिसर में कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्थाे0 की गयी थी. सरना मंदिर में कांवरियों के लिए जलपान के साथ भोजन की भी व्यवस्था की गयी थी. विधायक विमला प्रधान ने भी कांवरियों के बीच भोजन का वितरण किया. अग्रवाल महिला शिव मंडल द्वारा भी जलपान एवं खाने की व्यवस्था की गयी थी. मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. सुरक्षा व्यवस्था में काफी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी थी.

दंडाधिकारी के रूप में कार्यपालक दंडाधिकारी कुमार मयंक भूषण, सीओ विजय प्रकाश तिग्गा एवं पुलिस पदाधिकारी के रूप में थाना प्रभारी राजेश सिंह उपस्थित थे. इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी तीसरी सोमवारी को शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी.

2500 कांवरियों का जत्था रहा विशेष आकर्षण : ओड़िशा के वेदव्यास से 2500 की संख्या में जल लेकर आये कांवरियों का जत्था शहर में आकर्षण का केंद्र रहा. कांवरिया सेवा संघ के तत्वावधान में कांवरियों का उक्त जत्था जैसे ही शहर में प्रवेश किया, पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. लोग घरों से निकल कर स्वागत के लिए खड़े हो गये. उक्त जत्थे के लिए जगह-जगह व्यवस्था की गयी थी. किसी ने चाय की, तो किसी ने पानी की व्यवस्था कर रखी थी. जत्थे में शामिल कांवरिये भक्ति गीतों पर झूम रहे थे. हर-हर महादेव व बोल बम, बाेल बम की गूंज भी सुनायी पड़ रही थी. उक्त कांवरिये 22 जुलाई को वेदव्यास नदी पहुंचे थे. वेदव्यास से सिमडेगा तक के इस पैदल सफर के दौरान उनके लिये कई जगह जलपान, भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गयी थी. तीन दिनी इस कांवर यात्रा को सफल बनाने में संजय बडालिया, सत्येंद्र रोहिल्ला,जितेंद्र सोनी, राजेंद्र बामलिया, रिंकु अग्रवाल, नरेशी शर्मा, गिटु मोगरा, अमित मेडिकल, राकेश सरगुजा, विनीत मित्तल, बसंत शर्मा, पवन जैन, नरेश माझेरिया व बजरंग बामलिया सहित बाबा ग्रुप के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

करंगागुड़ी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़: केरसई प्रखंड के करंगागुड़ी स्थित शिवधाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह चार बजे ही मंदिर का पट खोल दिया गया था.

पट खुलते ही जलभिषेक के लिए कांवरियों एवं अन्य श्रद्धालुओं का तांता लग गया. भक्तों ने पूजा-अर्चना की. समिति द्वारा भक्तों के लिए प्रसाद के रूप में खीर व हलुआ की व्यवस्था की गयी थी. इस अवसर पर समिति के बैजनाथ केसरी, मानकी लाल, वासुदेव साह, आदित्य प्रसाद व राजा राम साहू सहित अन्य उपस्थित थे.

शिव मंदिरों में भक्तों की पूजा- अर्चना :जलडेगा. प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सावन की तीसरी सोमवारी पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. जलडेगा पंचदेवालय मंदिर स्थित शिव मंदिर व ठाकुरबाड़ी स्थित शिव मंदिर, बलडेगा शिव मंदिर, पतिअंबा शिव मंदिर, महावीर चौक कोनमेरला स्थित शिव मंदिर, ओडगा बाजारटांड़ स्थित शिव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. जलडेगा पंचदेवालय मंदिर में लुडगी नदी से जल लेकर सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक कर सामूहिक रूप से आरती की. नवयुवक संघ के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं पेयजल की व्यवस्था की गयी थी.

सोमवारी पर भक्तों किया जलाभिषेक : कोलेबिरा. सावन मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर शिव भक्तों द्वारा कोलेबिरा बुढ़ा महादेव, बस बस स्टेशन, वन विभाग कार्यालय, ब्लॉक कॉलोनी परिसर, ब्लॉक कार्यालय परिसर, गलाइटोली, भंवर पहाड़ व नवा टोली आदि स्थित शिवालयों में जलाभिषेक किया गया. इन जगहों पर अहले सुबह से ही जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola