फिजियोथैरेपी के दौरान बिगड़ी युवक की हालत, इलाज के दौरान मौत, चिकित्सक फरार

Updated:
विज्ञापन
फोटो:मृत्तक का फाईल फोटो | Prabhat Khabar Network

मृत्तक का फाईल फोटो | Prabhat Khabar Network

सरायकेला में फिजियोथैरेपी के दौरान 32 वर्षीय युवक की मौत. इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी हालत, आरोपी चिकित्सक मौके से फरार. पुलिस मामले की जांच में जुटी.

विज्ञापन

सरायकेला: सीनी ओपी क्षेत्र में गुरुवार सुबह फिजियोथैरेपी के दौरान एक 32 वर्षीय युवक श्यामल मजमुदार की मौत हो गई. इलाज कर रहे कथित फिजिथैरेपिस्ट पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है.

पेट दर्द के लिए इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी हालत

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे श्यामल मजूमदार को पेट में दर्द की शिकायत हुई. इस दौरान उसे फिजियोथैरेपी देने पहुंचे सीनी में प्रैक्टिस कर रहे ग्रामीण चिकित्सक ने उसे पेट में गैस बताकर इंजेक्शन लगा दिया. इंजेक्शन लगते ही युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. स्थिति बिगड़ता देख चिकित्सक अपना झोला और चप्पल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया. आनन-फानन में परिजन श्यामल को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे, यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

कुछ माह पहले हुआ था सड़क हादसा

परिजनों ने बताया कि कुछ माह पहले श्यामल परीक्षा देने रांची जा रहा था. इसी दौरान वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था और उसके एक पैर की हड्डी टूट गई थी. रांची के एक अस्पताल में उसका उपचार हुआ था. जून माह में रूटीन चेकअप के लिए वह फिर रांची गया था. वहां चिकित्सक ने उसे फिजियोथैरेपी कराने की सलाह दी थी. इसके बाद वह सीनी लौटकर स्थानीय स्तर पर ही फिजियोथैरेपी कराने लगा. घटना की सूचना मिलते ही सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. घटना के संबंध में ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, अभी तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.


विज्ञापन
Pratap Mishra

लेखक के बारे में

By Pratap Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola