कुचाई के 4 चौक-चौराहे हुए रोशन, विधायक दशरथ गागराई ने हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का किया उद्घाटन

Updated:
विज्ञापन
कुचाई के चार गांवों में हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट के उदघाटन के पश्चात लोगों को संबोधित करते विधायक दशरथ गागराई | Prabhat Khabar Network

लोगों को संबोधित करते विधायक दशरथ गागराई | Prabhat Khabar Network

रथयात्रा के अवसर पर कुचाई के ग्रामीणों को मिली रोशनी की सौगात. विधायक दशरथ गागराई ने चार हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन कर क्षेत्र को दी बड़ी सुविधा.

विज्ञापन

खरसावां: रथयात्रा के पावन अवसर पर कुचाई प्रखंड के ग्रामीणों को विकास की नई सौगात मिली. खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधायक निधि से निर्मित चार हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का नारियल फोड़कर और फीता काटकर योजनाओं का लोकार्पण किया. इससे क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर रात के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी. विधायक दशरथ गागराई ने तिलोपदा पंचायत के गोपीडीह चौक, पोंडाकाटा पंचायत के चिरूडीह चौक तथा बंदोलोहर पंचायत के छोटाचाकड़ी और शांकोडीह चौक में स्थापित हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन किया. प्रत्येक हाईमास्ट लाइट पर लगभग 5.50 लाख रुपये की लागत आई है और इनका निर्माण विधायक निधि से कराया गया है.

पूरे हो रहे हैं जनता से किए वायदे : दशरथ गागराई

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है. स्ट्रीट लाइट लगाने से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होगी तथा लोगों को रात में आवागमन में सुविधा मिलेगी. विधायक ने कहा कि क्षेत्र को समुचित विकास को लेकर वे सचेत हैं. अलग अलग योजनाओं के माध्यम से गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. सड़क, शिक्षा बिजली, पानी हर क्षेत्र में कार्य हो रहा है. जनता से किए गए एक एक वायदे को पूरा कर रहे हैं.

ग्रामीणों ने जताया आभार

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से इन चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जा रही थी. हाईमास्ट लाइट लगने से अब बाजार आने-जाने तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए रात में भी आसानी होगी. ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया.

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

मौके पर विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, रावण सुम्बरूई, करम सिंह मुंडा, भरत सिंह मुंडा, अजय सामड, राम सोय, मंटू होनहागा, विनोद कुमार सिंहदेव, दांसर बांकिरा, गुरबा गोप, बिटू राम सोय, प्रेम गुंदवा, कपिल सुम्बरूई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.


विज्ञापन
Sachindra Dash

लेखक के बारे में

By Sachindra Dash

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola