Holi 2025: खास है सरायकेला की होली, भक्तों संग रंग-गुलाल खेलने घर-घर दस्तक देंगे राधा-कृष्ण

होली से पहले पालकी पर सवार होकर राधा रानी के साथ भक्तों के दर पर दस्तक देते हैं भगवान श्रीकृष्ण.
Holi 2025: सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला की होली बेहद खास होती है. यहां भगवान कृष्ण स्वयं राधा के साथ होली खेलने के लिए निकलते हैं. भक्तों के घर-घर जाकर दस्तक देते हैं और उनके संग होली खेलते हैं.
Holi 2025|सरायकेला-खरसावां, शचिंद्र कुमार दाश/धीरज कुमार : झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले की होली का अलग रंग है. इसका अलग मिजाज है. सांस्कृतिक नगरी सरायकेला में होली की तैयारी पूरी हो चुकी है. यहां की होली अन्य जिलों और शहरों से कई मायने में अलग है. सरायकेला में होलिका दहन के दिन दोल यात्रा पर सरायकेला में भगवान श्रीकृष्ण राधा रानी के साथ नगर भ्रमण पर निकलते हैं. हर घर दस्तक देकर भक्तों के साथ रंग-गुलाल खेलते हैं. ओड़िशा के पुरी की तर्ज पर यहां होली में राधा-कृष्ण की दोल यात्रा निकलती है. होली के दिन उत्कल की प्राचीन एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक दिखती है. दोल यात्रा के दौरान कृष्ण-हनुमान मिलन और हरि-हर मिलन भी होता है, जो इस धार्मिक अनुष्ठान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
मृत्युंजय खास मंदिर से होगी दोल यात्रा की शुरुआत
जगन्नाथपुरी और वृंदावन की तर्ज पर यहां होलिका दहन (इस बार 13 मार्च 2025) के दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की दोल यात्रा की शुरुआत कंसारी टोला स्थित मृत्युंजय खास श्रीराधा कृष्ण मंदिर से शुरू होगी. 250 साल पुराने इस मंदिर में विधिपूर्वक राधा-कृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना होगी. इस दौरान राधा-कृष्ण की कांस्य प्रतिमाओं का भव्य शृंगार कर पालकी बैठाकर नगर भ्रमण कराया जायेगा. नगर भ्रमण के दौरान राधा रानी के साथ कान्हा हर घर में दस्तक देंगे और नगरवासियों के साथ गुलाल की होली खेलेंगे.
शंखध्वनि और उलुकध्वनि से होगा राधा-कृष्ण का स्वागत
दोल पूर्णिमा पर राधा-कृष्ण के नगर भ्रमण के दौरान भक्त पारंपरिक वाद्य यंत्र मृदंग, झाल, गिनी आदि के साथ दोल यात्रा में शामिल होंगे. इस दौरान हर घर में शंखध्वनि और उलुकध्वनि के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत करेंगे. उनकी आरती उतारते हैं. राधा-कृष्ण के स्वागत के लिए श्रद्धालु अपने घर के सामने गोबर से लेपते हैं. अल्पना बनाते हैं. दोल यात्रा के दौरान इस वर्ष घोड़ा नाच एवं काठी नाच के साथ-साथ सनातनी एकता का प्रतीक बने महाकुंभ पर भी विशेष झांकी निकाली जायेगी.

महाराज उदित नारायण सिंहदेव के शासन काल में शुरू हुई दोल यात्रा
दोल यात्रा के मुख्य आयोजक सरायकेला के कवि ज्योति लाल साहू बताते हैं कि सरायकेला में दोल यात्रा की शुरुआत वर्ष 1818 में महाराजा उदित नारायण सिंहदेव के शासन काल में हुई थी. राजा-राजवाड़े के समय में इसका आयोजन फागू दशमी से दोल पूर्णिमा तक होता था. वर्ष 1990 से आध्यात्मिक उत्थान श्री जगन्नाथ मंडली संस्था द्वारा पारंपरिक रूप से दोल यात्रा का आयोजन हो रहा है. इसमें स्थानीय लोगों का भी सहयोग रहता है. वर्तमान में दोल यात्रा का आयोजन एक ही दिन दोल पूर्णिमा के दिन होता है.
दोले तू दोल गोविंदम, चापे तु मधुसूदनम, रथे तू मामन दृष्टा, पुनर्जन्म न विद्यते…
आध्यात्मिक उत्थान श्री जगन्नाथ मंडली, सरायकेला के संस्थापक ज्योतिलाल साहू कहते हैं कि ‘दोले तू दोल गोविंदम, चापे तू मधुसूदनम, रथे तू मामन दृष्टा, पुनर्जन्म न विद्यते…’ क्षेत्र में प्रचलित श्लोक है. इसका अर्थ यह है कि दोल (झूला या पालकी), रथ और नौका में प्रभु के दर्शन से मनुष्य को जन्म चक्र से मुक्ति मिलती है. इस वजह से दोल यात्रा के दौरान प्रभु का दर्शन दुर्लभ माना जाता है. दोल यात्रा एकमात्र ऐसा धार्मिक अनुष्ठान है, जब प्रभु अपने भक्त के साथ गुलाल खेलने के लिए उसकी चौखट तक पहुंचते हैं. इस क्षण का क्षेत्र के हर व्यक्ति को इंतजार रहता है. दोल यात्रा जगत के पालनहार कोटि ब्रह्मांडपति श्रीकृष्ण के द्वादश यात्राओं में से एक है.
राधा-कृष्ण के दर्शन से होती है मोक्ष की प्राप्ति : ज्योतिलाल साहू
आध्यात्मिक उत्थान श्री जगन्नाथ मंडली सरायकेला के संस्थापक ज्योतिलाल साहू कहते हैं कि आध्यात्मिक उत्थान श्री जगन्नाथ मंडली हर वर्ष दोल यात्रा का आयोजन करता है. राधा-कृष्ण विशेष विमान पर सवार होकर घर-घर दस्तक देते हैं. दोल यात्रा एक धार्मिक कार्यक्रम है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, दोल यात्रा के दौरान प्रभु राधा-कृष्ण के दर्शन से मोक्ष की प्राप्ति होती है. इस वर्ष दोल यात्रा ऐतिहासिक होगा.
इसे भी पढ़ें
बाबाधाम में कब है होली? कब होगा होलिका दहन? बाबा मंदिर में कैसे मनती है होली? पढ़ें विस्तार से
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




