खेत से लौटकर तालाब में नहाने गये किसान की डूबने से मौत

तालाब में लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
सरायकेला के दोलानडीह गांव में तालाब में नहाने गए 47 वर्षीय किसान लक्ष्मण केराई की डूबने से मौत हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया।
सरायकेला: सरायकेला प्रखंड की पांड्रा पंचायत अंतर्गत दोलानडीह गांव में शुक्रवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आयी. गांव के ''बड़ा तालाब'' में नहाने के दौरान डूबने से 47 वर्षीय किसान लक्ष्मण केराई की मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव और मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी है. जानकारी के अनुसार, दोलानडीह निवासी लक्ष्मण केराई रोजाना की तरह अपने खेत में काम करने गए थे. दोपहर लगभग 3 बजे काम खत्म करने के बाद वे गांव के तालाब में नहाने चले गए. बताया जाता है कि लक्ष्मण को तैरना नहीं आता था. नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे.
महिलाओं के शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीण
जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय तालाब के दूसरे घाट पर कुछ महिलाएं भी स्नान कर रही थीं. लक्ष्मण को डूबता देख महिलाओं ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे और गांव के दर्जनों लोग दौड़कर तालाब पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए पानी में उतरकर लक्ष्मण की तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचित किया. सरायकेला थाना पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद शाम करीब 6 बजे शव को पानी से बाहर निकाला जा सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक लक्ष्मण केराई अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन बेटियों की शादी हो चुकी है. घर के मुखिया की अचानक इस तरह असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे दोलानडीह गांव में सन्नाटा पसार गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










