रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान खरसावां में निकली भव्य शोभा यात्रा, भक्ति में डूबे रहे लोग
सैकड़ों लोग श्री राम झंडों को लेकर इस शोभा यात्रा में शामिल हुए. शोभा यात्रा में राम धुन व बैंड बाजा की थाप पर राम भक्तों को झूमते देखा गया. इस दौरान राम भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था
शचिंद्र कुमार दाश, खरसावां :
धार्मिक नगरी खरसावां बुधवार को राम नाम के भक्ति में डूबा रहा. सुबह से लेकर देर शाम तक जगह जगह पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गई. अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर खरसावां के गांव-कस्बे से लेकर शहर तक उत्सव सा नजारा देखने को मिला. इस दौरान खरसावां में भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी. शोभा यात्रा खरसावां के तलसाही, कुम्हारसाही, बेहरासाही, चांदनी चौक समेत विभिन्न मुहल्लों से होते हुए गुजरी.
सैकड़ों लोग श्री राम झंडों को लेकर इस शोभा यात्रा में शामिल हुए. शोभा यात्रा में राम धुन व बैंड बाजा की थाप पर राम भक्तों को झूमते देखा गया. इस दौरान राम भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था. जगह जगह पर लाउड स्पीकर के जरिये भगवान राम के गीत बजाये जा रहे थे. शहर के गली-मुहल्लों को श्री राम के झंडे से पाट दिया गया था. इस तरह शोभा यात्रा शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
शोभा यात्रा के दौरान स्थानीय कलाकारों के द्वारा राम-सीता व हनुमान की झांकी निकाली गयी. कोई राम का रूप किया हुआ था तो कोई सीता, लक्ष्मण, हनुमान का रूप धारण किये हुए था. श्रद्धालुओं ने उनकी पूजा में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ी. जय श्री राम के गगनभेदी नारों से पूरा खरसावां गूंज उठा. पंचगछिया के युवाओं ने पूरे खरसावां शहर का भ्रमण कर पारंपरिक रुप से संकीर्तन किया. इस दौरान लोग राम व कृष्ण का नाम जापते रहे.
Also Read: खरसावां गोलीकांड : शहीद बेदी पर पहुंचने वाले पहले राज्यपाल बने सीपी राधाकृष्णन, अर्जुन मुंडा भी रहे मौजूद
खरसावां के विभिन्न मंदिरों में बुधवार को दीपोत्सव मनाया गया. सभी मंदिरों में दीप जलाये गये थे. गांव से लेकर शहर तक के मंदिरों को सजाया गया था. खरसावां के गली-मुहल्लों में विशेष विद्युत सज्जा की गयी थी. चारों ओर दीपावली का नजारा दिखा.
बुधवार की सुबह जिला के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला व पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने खरसावां पहुंच कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सभी मुहल्लों का भ्रमण कर लोगों से विधि-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की. इस दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की भी तैनाती की गयी थी. खरसावां थाना प्रभारी पिंटू कुमार महथा व बीडीओ प्रधान माझी भी दिन भर गस्त लगाते रहे.
खरसावां : अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा के दौरान खरसावां के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष रुप से पूजा अर्चना की गयी. पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना कर पूजा अर्चना की. इसके पश्चात राम-सीता की आरती भी उतारी गयी. पूजा के पश्चात लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया. तलसाही स्थित हनुमान वाटिका व दुर्गा मंदिर में भी पूजा अर्चना की गयी. दुर्गा मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन कर भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इसके अलावे खरसावां के कुम्हारसाही, बेहरासाही, दाहरीडीह, चिलकु, बुरुडीह समेत विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की गयी.
खरसावां : अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा के मौके पर खरसावां के आमदा (नया बाजार) में नव निर्मित हनुमान मंदिर में भी प्राण प्रतिष्ठा की गयी. इस दौरान टिडींगटीपा सोनी से कलश यात्रा निकाली गयी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथे पर कलश धारण कर नदी से पवित्र जल को ला कर मंदिर परिसर में कलश स्थापना की. इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बजरंगबलि के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गयी. बजरंगबलि के प्रतिमा की प्रतिष्ठा के पश्चात भंडारे का आयोजन कर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की. इस दौरान मुख्य रुप से शिव कुमार शाह, अनिल दे, पंकज पति, सहदेव शाह, संतोष सिंहदेव, अभिमन्यू कुमार, सर्वेश केशरी, शंभू मोहंती, काशीनाथ शाह, आनंद शाह, मनीष शाह, सुनील शाह, अंकित शाह, श्रीकांत शाह आदि श्रद्धालु मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










