रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार कभी भी छोड़ सकते हैं पद, स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात
रांची स्थित रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार. फाइल फोटो.
RIMS Director: रिम्स रांची के निदेशक डॉ राजकुमार के पद छोड़ने की चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के अनुसार उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर इस्तीफा देने की इच्छा जताई है. रिम्स की व्यवस्था और कथित हस्तक्षेप से असंतोष को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है.
रांची से राजीव पांडेय की रिपोर्ट
RIMS Director: झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ राजकुमार के पद छोड़ने की चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के अनुसार डॉ राजकुमार ने गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सह रिम्स शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है. बताया जा रहा है कि उन्होंने मंत्री के समक्ष रिम्स के निदेशक पद से हटने की इच्छा जताई है.
स्वास्थ्य मंत्री से अनुमति के बाद देंगे इस्तीफा
सूत्रों का कहना है कि मुलाकात के दौरान डॉ राजकुमार ने स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि उनकी अनुमति मिलते ही वह अपना इस्तीफा सौंप देंगे और पद छोड़ देंगे. इस घटनाक्रम के बाद रिम्स के प्रशासनिक और चिकित्सा हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
व्यवस्था और हस्तक्षेप से हैं परेशान
जानकारी के अनुसार डॉ राजकुमार रिम्स की वर्तमान कार्यप्रणाली और लगातार हो रहे हस्तक्षेप से असहज महसूस कर रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि उनका मानना है कि अत्यधिक हस्तक्षेप की स्थिति में संस्थान को बेहतर दिशा में ले जाना और प्रभावी ढंग से काम करना मुश्किल हो रहा है.
रिम्स को पहुंचाई नई ऊंचाइयों पर
बताया जा रहा है कि रिम्स की जिम्मेदारी संभालने के समय उन्होंने संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और चिकित्सा सेवाओं में सुधार का एक स्पष्ट विजन तैयार किया था. हालांकि, विभिन्न प्रशासनिक चुनौतियों और अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण वे अपने लक्ष्यों को पूरी तरह हासिल नहीं कर सके.
रिम्स प्रशासन से औपचारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल डॉ राजकुमार की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. वहीं स्वास्थ्य विभाग या रिम्स प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है. इसके बावजूद स्वास्थ्य महकमे में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं.
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, आचार संहिता उल्लंघन मामले की एफआईआर रद्द
मंत्री के फैसले पर टिकी निगाहें
अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के अगले कदम पर टिकी हैं. यदि डॉ राजकुमार का इस्तीफा स्वीकार किया जाता है, तो रिम्स के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. ऐसे में राज्य के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










