जिरवाबाड़ी पुलिस ने देसी बंदूक के साथ युवक को दबोचा

Updated:
विज्ञापन
जिरवाबाड़ी पुलिस ने देसी बंदूक के साथ युवक को दबोचा

बोले एसडीपीओ, एक अपराधी को हथियार पहुंचाने जा रहा था युवक

विज्ञापन

साहिबगंज.जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा लोहंडा में अवैध देशी दोनाली के साथ घूम रहे युवक को जिरवाबाड़ी पुलिस ने दबोच लिया है. रविवार दोपहर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई के लोहंडा स्थित बंद क्रशर के आसपास शनिवार देर शाम कोई युवक हथियार लेकर घूम रहा है. सूचना के आलोक में सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहंडा बंद क्रशर के पास से एक युवक मनेश्वर मंडल (25 वर्ष) पिता काशी मंडल साकिन सोती चौकी खुटहरी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है. उसी के पास से तलाशी लेने के क्रम में पुलिस को 62 सेमी लंबा देसी बंदूक बरामद किया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि युवक से पूछताछ की गयी है. उसने अपने एक सहयोगी का नाम बताया है. साथ ही उसने यह भी बताया कि इस हथियार को वह किसी दूसरे व्यक्ति के पास पहुंचने वाला था. इसके लिए एक दूसरे व्यक्ति ने उसे तैयार किया था. बताया गया है कि दूसरा व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है. उसका पूर्व में भी अपना आपराधिक इतिहास रह चुका है. बोले कि इस संबंध में शामिल व्यक्ति की भी तलाश में पुलिस छापामारी अभियान चला रही है. बहुत जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. छापेमारी दल में जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, एसआई रोहित कुमार, एसआई बिरसा उरांव, एएसआई मनोज शर्मा व हवलदार रवींद्र ठाकुर एवं धर्मवीर सिंह शामिल थे.

जिले में हथियार का आना बड़ी समस्या :

साहिबगंज जिले में अवैध हथियार का प्रवेश रुकने का नाम नहीं ले रहा है. हालांकि अवैध हथियार के साथ पुलिस ने बीते 5 माह के अंदर कई युवकों को गिरफ्तार न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि हथियार के सप्लायर को पुलिस अब तक गिरफ्तार करने में सफलता नहीं हासिल कर पायी है. लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब तक पुलिस हथियार सप्लायर को नहीं गिरफ्तार करेगी, तब तक अवैध हथियार के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना बड़ा ही मुश्किल होगा. कारण एक तरफ तो पुलिस हथियार को जब्त कर रही है. लेकिन दूसरी तरफ से हथियारों का आना रुकने का नाम नहीं ले रहा है. इस मामले को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन, सीमावर्ती इलाका एवं गंगा नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत जांच अभियान चलाने की दिशा में पुलिस कार्रवाई कर रही है. इसके अलावा भी जगह-जगह तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं. बताया कि हथियार के प्रवेश पर बहुत जल्द पूरी तरह से प्रतिबंध लगा लिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola