साहिबगंज कॉलेज परिसर जंगल-झाड़ में तब्दील

Author Abdhesh singh|Edited by Sweta Vaidya
Updated:
विज्ञापन
. | Prabhat Khabar Network

. | Prabhat Khabar Network

साहिबगंज कॉलेज परिसर में फैली गंदगी और झाड़ियों से छात्र परेशान हैं। सांप के डर और बदहाल व्यवस्था को लेकर छात्रों ने प्राचार्य का घेराव किया।

विज्ञापन

साहिबगंज कॉलेज परिसर में फैली अव्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं ने नाराजगी जतायी है. कॉलेज परिसर के विभिन्न भवनों के आसपास बड़े-बड़े जंगल-झाड़ उग आने से विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परिसर की साफ-सफाई नहीं होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. छात्रों के अनुसार आर्ट बिल्डिंग, साइंस बिल्डिंग, प्रिंसिपल कार्यालय, स्टाफ रूम, इग्नू, बीएड भवन और छात्रावास सहित परिसर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े जंगल-झाड़ उग आए हैं. परिसर की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि कई महीनों से साफ-सफाई नहीं कराई गयी है. प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इन्हीं झाड़ियों के बीच से होकर कॉलेज में प्रवेश करने को मजबूर हैं.

छात्र-छात्राओं का कहना है कि घनी झाड़ियों के कारण अक्सर सांप निकलने की आशंका बनी रहती है. इसे लेकर विद्यार्थियों में भय का माहौल है. छात्रों ने बताया कि चार दिन पहले उन्होंने कॉलेज के प्रिंसिपल को परिसर की स्थिति दिखाकर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया था.

बरसात से पहले छात्रावास के छात्रों की बढ़ी चिंता

छात्रावास में रह रहे एक छात्र ने बताया कि हॉस्टल के चारों ओर भी जंगल-झाड़ उग आए हैं. बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि छात्रावास के आसपास पानी भर जाता है और कई बार पानी परिसर के अंदर तक पहुंच जाता है. उनका आरोप है कि कॉलेज प्रशासन साफ-सफाई को लेकर गंभीर नहीं है.

विभिन्न मांगों को लेकर प्राचार्य का किया था घेराव

कॉलेज की व्यवस्था से नाराज हॉस्टल के छात्रों ने तीन दिन पहले प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया था. छात्रों ने समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए प्राचार्य को आवेदन भी सौंपा. आवेदन में परिसर की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गयी.

रोजाना सैकड़ों विद्यार्थियों को होती है परेशानी

कॉलेज में नामांकन, परीक्षा फॉर्म भरने और परीक्षाओं सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं. इसके कारण प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं कॉलेज पहुंचते हैं. खासकर छात्राओं को विभिन्न विभागों तक पहुंचने के लिए जंगल-झाड़ के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे उनमें हमेशा डर बना रहता है.

छात्रों ने रखीं कई प्रमुख मांगें

छात्रों ने महाविद्यालय परिसर से जंगल-झाड़ की तत्काल सफाई कराने, क्लासरूम और बाथरूम की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, महाविद्यालय में सीएसपी सेंटर पर चालान काटने की व्यवस्था करने, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और कार्य सुनिश्चित करने, सभी कक्षाओं में पंखा और लाइट नियमित रूप से चालू रखने तथा बिजली की मरम्मत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.

क्या कहते हैं प्राचार्य

छात्रों द्वारा कॉलेज में सफाई से लेकर विभिन्न मांगों के आवेदन दिये गये हैं. जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा- एसआरआइ रिजवी, प्राचार्य, साहिबगंज कॉलेज


विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola