ePaper

विवाह में भोज खाने जा रहे साहिबगंज के दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई बाइक

Updated at : 10 Mar 2026 11:21 AM (IST)
विज्ञापन
Sahibganj Road Accident

साहिबगंज में हादसे के बाद सड़क किनारे पड़ी मोटरसाइकिल. फोटो: प्रभात खबर

Sahibganj Road Accident: साहिबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शोभनपुर डेरा के पास देर रात सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई. विवाह समारोह में भोज खाने जा रहे युवकों की तेज रफ्तार बाइक पीपल के पेड़ से टकरा गई. पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

साहिबगंज से इमरान और सन्नी मंडल की रिपोर्ट

Sahibganj Road Accident: झारखंड के साहिबगंज जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई. दोनों युवक एक विवाह समारोह में भोज खाने जा रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई. इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है. जानकारी के अनुसार यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शोभनपुर डेरा के पास सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई. बताया जा रहा है कि दोनों युवक तेज गति से बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराई.

टक्कर इतनी जोरदार कि दूर जा गिरे युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पेड़ से टकराने के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. देर रात हुए इस हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को देखने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी.

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की रात्रि गश्ती टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था.

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सनोज कुमार यादव (लगभग 20 वर्ष), पिता कुंवर यादव, निवासी तालबन्ना तथा बादल यादव (लगभग 22 वर्ष), पिता देवानंद यादव, निवासी शोभनपुर भट्ठा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में अच्छे दोस्त थे और पास के ही एक विवाह समारोह में भोज खाने के लिए जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया.

इसे भी पढ़ें: न्यूजीलैंड को एक और झटका, ट्राइथलॉन जीतकर फुल आयरनमैन बने जमशेदपुर के अनंत राणा

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

मुफस्सिल थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही रात्रि गश्ती पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. घायल अवस्था में सड़क पर पड़े दोनों युवकों को तत्काल सदर अस्पताल साहिबगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस मामले की जांच भी कर रही है. वहीं इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जता रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में रंगदारी वसूलना पड़ गया भारी, पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola