कल्याण योजनाओं व पीवीटीजी परिवारों के सर्वेक्षण की समीक्षा
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 8:14 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
डीसी ने छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, स्वास्थ्य सहायता व छात्रावास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
साहिबगंज. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समेकित जनजातीय विकास अभिकरण एवं जिला कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं तथा पीवीटीजी समुदाय के परिवारों के सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. सर्वप्रथम प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति 2025-26 की समीक्षा की गयी, जिसमें 653 विद्यार्थियों के आवेदन सही पाए गए और जिला स्तर पर स्वीकृत किए गए. वहीं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 76 विद्यार्थियों के आवेदन अनुमोदित किए गए. साइकिल वितरण योजना के तहत वर्ष 2025-26 में प्राप्त 20,753 साइकिलों में से 18,623 का वितरण हो चुका है, जबकि 2,111 साइकिलों की फिटिंग शेष है. उपायुक्त ने लंबित साइकिलों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत प्राप्त 59 आवेदनों को सत्यापन हेतु भेजा गया है. अधिकारियों को सत्यापन कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया. मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना और मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गयी तथा लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति पर जोर दिया गया. बैठक में बिरसा मुंडा आवास योजना, सरना-मसना एवं अन्य धार्मिक स्थलों की घेराबंदी, आदिवासी कला केंद्र, धुमकुड़िया भवन, मांझी थान तथा कब्रिस्तान घेराबंदी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए. पीएम जनमन योजना के तहत जिले में प्रस्तावित 14 मल्टीपरपज सेंटर भवनों में से 13 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि एक भवन अंतिम चरण में है. डीएमएफटी मद से स्वीकृत 17 पीवीटीजी विद्यालयों में मॉड्यूलर किचन, भोजनालय एवं शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गयी. अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. इसके अलावा आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों, शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रावासों की बढ़ती क्षमता आवश्यकता तथा पीवीटीजी परिवारों के सर्वेक्षण कार्य पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने सर्वेक्षण में तेजी लाने, सभी परिवारों को शामिल करने और त्रुटिरहित आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










