भुगतान के बाद भी लाभुक का नहीं बना आवास
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 8:21 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
मधुवापाड़ा पंचायत में पीएम आवास का मामला, जांच में खुली पोल
बरहरवा. सरकार गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लाकर आवास दे रही है. पर बिचौलिये गरीबों का निवाला छीन कर मौज कर रहे हैं. इसका खुलासा राजमहल एसडीओ की जांच में सामने आया है. एसडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर साहिबगंज उप विकास आयुक्त ने पत्रांक 2304 भेजकर प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहरवा को बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के मधुवापाड़ा पंचायत के स्वयंसेवक एवं आवास प्रभारी पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मिली जानकारी के अनुसार झामुमो के वरिष्ठ नेता अब्दुल कादिर ने उपायुक्त को शिकायत कर जानकारी दी थी कि बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के मधुवापाड़ा पंचायत में दर्जनों लाभुकों के प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा पंचायत के स्वयंसेवक अबरार हुसैन ने कुछ लाभुकों की मिली भगत से उनसे बहला फुसलाकर ले लिया है. कुछ लाभुक का संपूर्ण आवास का भुगतान कर दिया. पर उनका प्रधानमंत्री आवास बना ही नहीं है. कुछ लाभुकों का आवास कहीं दूसरे स्थान पर बना तो कुछ लाभुकों का पुराने आवास को ही नया आवास बताकर राशि की निकासी कर ली. उपायुक्त के निर्देश के बाद राजमहल एसडीओ के नेतृत्व में टीम बनायी गयी और जांच की गयी. इसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आये हैं. मधुवापाड़ा पंचायत के जमालपुर गांव के कोमोक बागती का भुगतान हो गया. लेकिन आवास में छत की ढलाई नहीं हुयी है. वहीं, बसना गांव के अब्बासुद्दीन शेख का संपूर्ण भुगतान हो गया है लेकिन आवास में अलबेस्टर ही लगाया गया है. जबकि, जियाउर रहमान का आवास चांदपुर में नहीं बनाकर जमालपुर में बनाया गया है. जमालपुर के सेताबुद्दीन का आवास नहीं बना है, पुराने आवास पर ही एस्बेस्टस लगाकर आवास को पूर्ण दिखाया गया है. मुजीबुर शेख की छत की ढलाई नहीं हुई है, आलेमा बेवा लाभुक की मृत्यु हो चुकी है, वह अपने भाई मजबूर शेख के आवास के साथ संयुक्त रूप से जोड़ कर आवास बना रही थी. आवास की छत की ढलाई पूर्ण रूप से बाकी है. मो मुस्लिम, असगर अली, अमीरुल हक, शताबुद्दीन, जितेन बागती इस प्रकार कुल 34 लाभुकों का अलग-अलग जांच पदाधिकारियों के द्वारा किया गया है. पूरी गड़बड़ी का उल्लेख भी किया गया है. एसडीओ ने जांच प्रतिवेदन उप विकास आयुक्त को भेज था. इसके आधार पर डीसी ने कार्रवाई करने का निर्देश बीडीओ को दिया है. आवास योजना में बड़े पैमाने पर हुई है गड़बड़ी : अब्दुल कादिर फोटो- 00, अब्दुल कादिर मधुवापाड़ा पंचायत में बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी हुई है. इसमें पंचायत स्वयंसेवक व आवास प्रभारी की भी भूमिका है. उसके साथ-साथ प्रखंड स्तर के कुछ पदाधिकारी भी इसमें शामिल हैं. आखिर बिना जांच किये लाभुक का भुगतान कैसे कर दिया गया, जिन लाभुकों का भुगतान हुआ है, उनका आवास क्यों नहीं बना है. इससे साफ जाहिर होता है कि कुछ लाभुकों की मिलीभगत तथा कुछ लाभुकों को डरा-धमकाकर उनसे पैसा लिया गया. पैसे की कमी के कारण लाभुक मजबूरन आवास पूर्ण नहीं कर पाये. वहीं, कुछ फर्जी तरीके से लाभुक का भी चयन किया गया है, जो योग्य लाभुक नहीं थे, उनका भी चयन करके उन्हें आवास योजना का लाभ दिया गया है. जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है. डीडीसी का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्राप्त हुआ है. अब कार्रवाई का इंतजार है. कितने पैसे रिकवरी करनी है, आकलन किया जा रहा है : बीडीओ फोटो- 00, सन्नी कुमार दास, बीडीओ, बरहरवा उप विकास आयुक्त कार्यालय से संबंधित पंचायत के पंचायत स्वयंसेवक अबरार हुसैन व आवास प्रभारी पर कार्रवाई करने का निर्देश प्राप्त है. पंचायत स्वयंसेवक से कितने पैसे की रिकवरी करनी है, इसका आकलन किया जा रहा है कि किस लाभुक से कितना अधिक भुगतान हुआ है. निर्माण नहीं हुआ है. उसका पूरा आकलन करने के बाद उनसे रिकवरी की जायेगी. पंचायत स्वयंसेवक को कार्यमुक्त करने की भी कार्रवाई होगी. इसके अलावा पंचायत के आवास प्रभारी से स्पष्टीकरण व वेतन बंद करने की भी कार्यवाही की जा रही है. कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट उप विकास आयुक्त कार्यालय को भेज दी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










