ePaper

Political news : सूर्या हांसदा एनकाउंटर की जांच रिटायर जज से कराये सरकार : अर्जुन मुंडा

Updated at : 17 Aug 2025 11:47 PM (IST)
विज्ञापन
Political news : सूर्या हांसदा एनकाउंटर की जांच रिटायर जज से कराये सरकार : अर्जुन मुंडा

मामले की जांच के लिए भाजपा की सात सदस्यीय टीम पहुंची गोड्डा.

विज्ञापन

रांची.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय टीम पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में गोड्डा पहुंची. भाजपा की जांच टीम ने सूर्या हांसदा के परिजन, उनके द्वारा चलाये जा रहे स्कूल के बच्चों और आसपास के लोगों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली. जांच समिति में श्री मुंडा के साथ पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, भानु प्रताप शाही, रणधीर सिंह, अमित मंडल, पूर्व सांसद सुनील सोरेन और अनिता सोरेन शामिल हैं. मौके पर भाजपा नेता लोबिन हेंब्रम भी पहुंचे थे. अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनता और सूर्या हांसदा के परिवार को राज्य सरकार की जांच पर भरोसा नहीं है. इसलिए राज्य सरकार पहले दोबारा पोस्टमार्टम कराकर रिपोर्ट तैयार करे और फिर हाइकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच समिति बनाकर घटना की निष्पक्ष जांच कराये. उन्होंने सूर्या हांसदा के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है.

यह परिवार परंपरागत स्वशासन व्यवस्था का प्रधान है

उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा का परिवार ललमटिया क्षेत्र के पारंपरिक मांझी परिवार से आता है. यह परिवार परंपरागत स्वशासन व्यवस्था का प्रधान है. अब उनकी माता जी इस दायित्व को निभा रही हैं. सूर्या हांसदा यहां के विस्थापितों की समस्याओं सहित कई सामाजिक मुद्दों को लगातार उठाते रहे थे. इस कारण उनके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हुए. 14 मुकदमों में उनको बरी किया गया था. लेकिन, इनके खिलाफ साजिश करने वाले रुके नहीं. कई घटनाओं में इनका नाम जानबूझकर साजिश के तहत जोड़ा जाता रहा है. श्री मुंडा ने कहा कि विगत 27 मई को सूर्या हांसदा पर जो मुकदमा दर्ज हुआ, वह पूरी तरह झूठा था. वे उस दिन अपने बच्चे का जन्मदिन परिवार के साथ मना रहे थे. पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि फर्जी केस दर्ज कर पुलिस उनको ढूंढ़ने लगी और बिना कोर्ट वारंट के गिरफ्तार करते हुए साजिश के तहत उन्हें मार दिया गया. पुलिस का बयान और आम जनता के विचार में पूरी तरह विरोधाभास है. उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार खुद को आदिवासी समाज का हितैषी मानती है, पारंपरिक व्यवस्था की हिमायती मानती है तो फिर स्पष्टीकरण दे. अगर राज्य सरकार इसपर पुनर्विचार नहीं करती है तो भाजपा आनेवाले दिनों में न्याय दिलाने के लिए बड़ा आंदोलन करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJIV KUMAR

लेखक के बारे में

By RAJIV KUMAR

RAJIV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola