डेढ़ घंटे की बारिश में रांची की सड़कें बनीं तालाब, घरों-दुकानों में घुसा पानी
जेल पार्क रोड (लाइन टैंक रोड) में बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों व राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
रांची में सिर्फ डेढ़ घंटे की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. कई प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा और निचले इलाकों के घरों में भी पानी घुस गया.
झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. शहर की कई प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गयीं और जलजमाव के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा. कई इलाकों में नालियों का काला पानी सड़कों पर बहने लगा. हलधर प्रेस गली में करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन डूब गये. वहीं, घर में पानी घुसने के कारण निचले तल पर रहने वाले लोगों को घर छोड़कर ऊपरी मंजिलों में शरण लेनी पड़ी. रांची रेलवे स्टेशन के आसपास, करमटोली चौक, जेल पार्क रोड व कांके रोड में भी जलजमाव के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई. ओवरब्रिज के नीचे गंदा पानी भरने से दुर्गंध फैल गयी, जबकि सेवा सदन पथ पर नाली का पानी दुकानों में घुस जाने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा. शहर के निचले इलाकों के कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया.
सर्विस लेन में भरा पानी
निर्माणाधीन कनेक्टिंग फ्लाइओवर के नीचे सिरमटोली के पास सर्विस लेन में बारिश के कारण पानी भर गया. इससे आवागमन प्रभावित रहा. खास कर छोटे चक्के वाले तीनपहिया व दोपहिया वाहनों को काफी परेशानी हुई. वाहन इसमें फंसते रहे. इस सर्विस लेन पर छोटे-बड़े कई गड्ढे हो गये हैं. पानी भर जाने के कारण गड्डों का पता नहीं चल रहा था. ऐसे में गाड़ियां हिचकोले खाते हुए चल रही थीं.
फ्लाईओवर के नीचे दो फीट तक पानी जमा हो गया
कांटाटोली फ्लाइओवर के नीचे नयाटोली के समीप सड़क पर बारिश के दौरान जलजमाव हो गया. यहां करीब दो फीट तक पानी थम गया था. कई वाहनों के साइलेंसर में भी पानी घुस गया. नतीजा लोग अपने वाहनों को धकेलते हुए जाते दिखे.
चुनवाटोली में भी घरों में घुसा पानी, लोग परेशान
बारिश का पानी चुनवाटोली के भी कई घरों में घुस गया. इससे लोग काफी परेशान दिखे. लोग पानी निकालने का हरसंभव प्रयास कर रहे थे. लेकिन, पानी का प्रेशर इतना अधिक था कि पानी का लेवल घटने के बजाय बढ़ता ही जा रहा था.
ये भी पढ़ें- 50 लाख की ठगी मामले में कोडरमा पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
ये भी पढ़ें- रांची में अब नेवरी रिंग रोड चौक कहलाएगा ‘शिबू सोरेन चौक’, 14 फीट की प्रतिमा लगाने का ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










