ePaper

Jharkhand: बोकारो में जंगली हाथी ने शख्स को कुचलकर मार डाला, रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं ग्रामीण

Updated at : 19 Jan 2026 8:15 PM (IST)
विज्ञापन
Elephant in Jharkhand: बोकारो में हाथी ने ली शख्स की जान

Elephant in Jharkhand: बोकारो में हाथी ने ली शख्स की जान

Jharkhand: झारखंड के कई जिलों में जंगली हाथियों का हमला पिछले कई दिनों से जारी है. कई जिले के लोग दहशत में हैं और रातभर जागते हुए पहरा दे रहे हैं.

विज्ञापन

Jharkhand: झारखंड के कई जिलों में पिछले कई महीनों से हाथियों का आतंक जारी है. बोकारो में एक घटना ने एक सब्जी विक्रेता को कुचलकर मार डाला. घटना रविवार के रात की है और पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी है. यह घटना रविवार देर रात सिमराबेड़ा महतो टोला के पास हुई, जब घर लौट रहे व्यक्ति का जंगली हाथी से सामना हो गया. पुलिस और वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के मुरुमतला निवासी रविंद्र दानी के रूप में हुई है. वह सब्जी बेचने के बाद अपने वाहन से घर लौट रहा था. इसी दौरान कंडेरा इलाके में उसका वाहन असंतुलित होकर पलट गया. बताया जा रहा है कि वाहन की हेडलाइट खराब थी, जिससे अंधेरे में हाथी नजर नहीं आ सका.

सूंड में पकड़कर वाहन से बाहर निकाला

बोकारो के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) संदीप सिंधे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन पलटने के बाद जब रविंद्र दानी बाहर निकले, तभी पास मौजूद हाथी ने उन पर हमला कर दिया. डीएफओ के अनुसार, ग्रामीणों ने रास्ते में हाथियों की मौजूदगी को लेकर पहले ही उन्हें सचेत किया था, लेकिन उन्होंने यात्रा जारी रखी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. इससे पहले ग्रामीणों ने दावा किया था कि हाथी ने व्यक्ति को अपनी सूंड से पकड़कर वाहन से बाहर खींच लिया और कुचल दिया. हालांकि, वन विभाग इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रहा है.

ग्रामीणों की सतर्क रहने की दी गई है सलाह

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. शव को सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. वहीं, प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वन विभाग के अनुसार, झारखंड सरकार हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर चार लाख रुपये का मुआवजा देती है. इस नियम के तहत परिजनों को यह राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की आवाजाही की सूचना मिलने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

हाथी के डर से रात जागते हैं ग्रामीण

पतरातू प्रखंड के कंडेर पंचायत के कच्चूदाग व पुरनाडीह गांव के लोग हाथी के भय से रात जागने को विवश हैं. लोग घरों की छतों पर पुआल व प्लास्टिक से कुंभा बनाकर स्वयं को परिवार जनों को सुरक्षित कर रहे हैं. छत के उपर सोने के कारण कई लोगों को ठंड से संबंधित बीमारियां भी हो रही हैं. रविवार देर रात हाथियों द्वारा बाबूलाल बेदिया के घर का दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर रखा अनाज खाने के बाद गांव में डर का माहौल है. 11-12 हाथियों का झुंड पिछले एक महीने से कंडेर पंचायत के मिर्चा कोचा पहाड़ी पर डेरा जमाये हुए हैं. हाथियों का झुंड गांव में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहा है. घरों को तोड़ रहा है.

जलडेगा : हाथी ने तीन घरों को तोड़ा

जलडेगा के बांसजोर की तरगा पंचायत क्षेत्र में पिछली रात एक हाथी ने कुलामारा गांव में उत्पात मचाया. हाथी ने पुरनापानी निवासी ओसकार कुल्लू तथा कुरकुरा में अनिल केरकेट्टा के घर को निशाना बनाया और घर में रखें अनाज चट कर गए. इसके बाद हाथियों ने केरया पागिन पहाड़ सुधीर किड़ो के घर को तोड़ा. इसके बाद ग्रामीण एकजुट हुए और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र से जंगली हाथी को खदेड़ने और जंगली हाथी से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है.

बारियातू: एक ही हाथी ने रातभर मचाया उत्पात, ग्रामीणों में दहशत

खूंटी जिले के चपरी टोला में रविवार की रात एक अकेले जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान हाथी ने तीन घर की दीवारें व खिड़कियों को तोड़ दिया. धान, आलू व सरसों की फसलों को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया. पीड़ित मजदूर नरेश ठाकुर पिता देवकी ठाकुर ने बताया कि रात करीब दस बजे एक जंगली हाथी गांव में घुस आया. हाथी ने उसके घर की दीवार को तोड़ दिया. घर में रखे करीब दो क्विंटल धान को खा गया. उसकी बारी में लगे आलू व सरसों की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया. इसके बाद हाथी सुबोध गंझू पिता रामेश्वर गंझू के घर की खिड़की के ग्रील को क्षतिग्रस्त कर दिया. खेत में लगे करीब 50 किग्रा आलू की फसल को खाकर व रौंदकर नष्ट कर दिया. इसके अलावे धनेश्वर प्रजापति के घर की चहारदीवारी और खिड़की को भी हाथी ने तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीण रातभर जाग रहे हैं.

बालूमाथ : जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात, घर तोड़ा

बालूमाथ़ प्रखंड के मारंगलोइयां पंचायत अंतर्गत थलिया गांव में रविवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने राजेश गंझू के घर को ध्वस्त कर दिया. घर में रखे अनाज खा गये. सोमवार को हाथियों के हमले की सूचना के बाद झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू थलिया गांव पहुंचे. नुकसान का जायजा लिया. वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की. प्रखंड में लगातार जंगली हाथी उत्पात मचा रहे हैं. शनिवार को भी जंगली हाथियों के झुंड ने बसिया गांव के जगरनाथ गंझू के घर को ध्वस्त कर दिया था. एक महिला सुकरी देवी इस हमले में घायल हो गयी थी.

ये भी पढ़ें…

Sarailkela Chhau Dance: भोपाल में छऊ नृत्य ने मचाया धमाल, डांसरों की शानदार प्रस्तुति

Saraikela: स्वर्णरेखा घाट पर लगा भव्य प्राचीन राम मेला, उमड़ी हजारों की भीड़, 40 फीट ऊंचा टुसू बना आकर्षण का केंद्र

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola