ePaper

टाटा संस के सहयोग से पूरा होगा झारखंड का विजन 2050, सीएम हेमंत ने जताया भरोसा

Updated at : 02 Mar 2026 8:27 PM (IST)
विज्ञापन
Hemant Soren

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन

Ranchi: सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के साथ हुई बैठक में राज्य के ‘विजन 2050’ पर विस्तार से चर्चा की गई. पर्यावरण के अनुकूल उद्योग लगाने की बात हुई, जिससे झारखंड में रोजगार के अवसर खुलेंगे.

विज्ञापन

Ranchi: सीएम आवास में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के साथ हुई बैठक में राज्य के ‘विजन 2050’ को साकार करने और औद्योगिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गयी. इसमें मुख्य रूप से राज्य सरकार की दूरगामी योजना ‘विजन 2050’ के तहत झारखंड को एक नॉलेज इकोनॉमी (ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था) और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी.

पर्यावरण के अनुकूल उद्योग लगेंगे

टाटा ग्रुप और झारखंड सरकार मिलकर ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देंगे जो पर्यावरण के अनुकूल हो. इसमें ग्रीन स्टील और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. चर्चा का मुख्य बिंदु यह रहा कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे. इसके लिए कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में टाटा ग्रुप के सहयोग को और बढ़ाया जायेगा. मुख्यमंत्री ने टाटा ग्रुप को झारखंड में नये निवेश और अत्याधुनिक तकनीकों को लाने के लिए आमंत्रित किया, ताकि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर पैदा हो सकें. बैठक में टाटा स्टील के सीइओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डीबी सुंदरा रामम, सीआरइ संजय मोहन श्रीवास्तव भी उपस्थित थे.

टाटा ग्रुप का इस राज्य से पुरान रिश्ता : हेमंत

सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि झारखंड की महान धरा टाटा ग्रुप की जन्मभूमि है. इसलिए इस महान राज्य और टाटा समूह का रिश्ता किसी समझौते या कागज पर लिखी साझेदारी से कहीं अधिक गहरा है. यह विश्वास, संस्कार और साझा इतिहास का संबंध है. रांची में ग्रुप चेयरमैन का स्वागत करते हुए मन में एक आत्मीयता का भाव था- जैसे घर का कोई अपना, जिसने दुनिया देखी, सफलता पायी, लेकिन अपनी जड़ों को कभी नहीं भुलाया और अपने लोगों के बीच लौटकर खड़ा हो. टाटा समूह ने झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को केवल उद्योग नहीं दिया; उन्होंने कार्य संस्कृति दी, विश्वविख्यात संस्थान दिये और मानवीय गरिमा का भाव दिया. उनकी सोच केवल रोजगार तक सीमित नहीं रही, बल्कि आत्मसम्मान और समाज निर्माण से जुड़ी रही है.

सीएम ने कहा कि आने वाला समय हमारे युवाओं के सपनों का है, हम चाहते हैं कि झारखंड की मिट्टी से निकली प्रतिभा यहीं अवसर पाये, यहीं ज्ञान का सृजन करे और यहीं से दुनिया को दिशा दे. इसलिए अब हमारे अपने परिवार के सदस्य टाटा समूह के साथ राज्य के संबंधों को और अधिक सुदृढ़ता और आत्मीयता के साथ आगे बढ़ाने का समय है. यह केवल विकास का नहीं, विश्वास और अपनेपन का गठबंधन है.और यही भाव झारखंड और टाटा समूह को एक संवेदनशील, सशक्त और ज्ञान-समृद्ध भविष्य की ओर ले जायेगा.

टाटा समूह का 11,000 करोड़ का निवेश झारखंड के लिए ऐतिहासिक : कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक दुबे ने टाटा समूह द्वारा राज्य में 11,000 करोड़ के नये निवेश की प्रतिबद्धता का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि टाटा समूह का यह कहना कि झारखंड उनका अपना घर है, राज्य के प्रति उनके गहरे आत्मीय लगाव और अटूट विश्वास को दर्शाता है. कहा कि टाटा स्टील द्वारा उन्नत तकनीक और आधुनिक स्टील उत्पादन के लिए किया जा रहा यह निवेश राज्य के औद्योगिक विकास को नयी दिशा देगा. 11,000 करोड़ की यह परियोजना न केवल उत्पादन को गति देगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल और कार्बन उत्सर्जन को कम करने वाली तकनीक पर आधारित होगी. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड अब निवेश, नवाचार और विकास का नया केंद्र बन रहा है. इस पहल से राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे.

ये भी पढ़ें…

Chaibasa: भुइयांपुर अस्पताल में दिनभर लटका रहा ताला, भटकते रहे 3 गांव के ग्रामीण

Khunti: शहर से खदेड़ने के दौरान कुएं में गिरा हाथी, बड़ी मुश्किल से निकाला गया बाहर

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola