झारखंड : सत्ता पक्ष के विधायक दल की मुख्यमंत्री आवास में बैठक कल, हो सकते हैं अहम फैसले

Published by :Sameer Oraon
Published at :02 Jul 2024 8:32 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड : सत्ता पक्ष के विधायक दल की मुख्यमंत्री आवास में बैठक कल, हो सकते हैं अहम फैसले

चंपाई सोरेन

विधायक दल की बैठक को लेकर झामुमो विधायकों को मैसेज कर सूचना दी गयी है. बैठक का एजेंडा विधानसभा चुनाव की तैयारी बतायी जा रही है.

विज्ञापन

रांची : सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठक बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में दिन के 11 बजे से होगी. इसमें झामुमो, कांग्रेस और राजद सहित इंडिया गठबंधन के विधायक शामिल होंगे. इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी झारखंड पहुंच रहे हैं. पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के जेल से बाहर निकलने और बदली हुई राजनीतिक परिस्थिति में यह बैठक अहम मानी जा रही है. गठबंधन के दल बड़ा निर्णय ले सकते हैं. इधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी ने हेमंत सोरेन को फोन कर हालचाल पूछा. सोनिया गांधी ने झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर भी हेमंत सोरेन से चर्चा की. इसके अलावा झारखंड सरकार के कामकाज को लेकर और आनेवाले दिनों में गठबंधन की भूमिका पर बात हुई है. झामुमो की ओर से कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व को इस बैठक की सूचना दी गयी है. विधायकों को मैसेज कर भेजी गयी है.

सूचना, चुनावी तैयारी एजेंडा बताया :

विधायक दल की बैठक को लेकर झामुमो विधायकों को मैसेज कर सूचना दी गयी है. बैठक का एजेंडा विधानसभा चुनाव की तैयारी बतायी जा रही है. कांग्रेस नेतृत्व को भी सूचना दी गयी है कि बैठक में विधानसभा चुनाव के संबंध में भी चर्चा होगी. हर विधानसभा सीट पर गहनता से मंथन किया जायेगा. हर तरह से आकलन कर प्रत्याशियों के नाम पर भी रायशुमारी की जायेगी. इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में साझा चुनावी अभियान की रणनीति बनायी जायेगी.

कैबिनेट विस्तार का मामला अटका हुआ है :

चंपाई सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार का मामला भी अटका पड़ा है. आलमगीर आलम के टेंडर घोटाले में जेल में जाने के बाद कांग्रेस कोटे से मंत्री का एक एक पद खाली है. कांग्रेस से जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी का नाम आगे चल रहा है. वहीं खाली पड़े 12वें मंत्री का पद भरे जाने की भी चर्चा है. लेकिन श्री सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद बदली हुई परिस्थिति में मामला ठंडा पड़ गया है. विधायक दल की बैठक में कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा हो सकती है.

पहले हुए विधायक दल की बैठक में लिए गये थे हस्ताक्षर :

हेमंत सोरेन पर इडी की कार्रवाई और पूछताछ के दौरान भी गठबंधन दलों के विधायकों की बैठक हुई थी. विधायक दल की बैठक में तब सारे विधायकों से हस्ताक्षर लिए गये थे. बुधवार को होनेवाली बैठक में विधायकों से राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए हस्ताक्षर लिए जा सकते हैं.

हेमंत ने एक्स पर डाली कविता – तुम मुझको कब तक रोकोगे…

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक कविता पोस्ट की है.
इस जग में जितने जुल्म नहीं, उतने सहने की ताकत है।।
तानों के भी शोर में रह कर सच कहने की आदत है।।
मैं सागर से भी गहरा हूं, तुम कितने कंकड़ फेंकोगे।।
चुन-चुन कर आगे बढूंगा मैं, तुम मुझको कब तक रोकोगे।।

Also Read: Champai Soren: झारखंड के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है प्राथमिकता, नेशनल डॉक्टर्स डे पर बोले सीएम चंपाई सोरेन

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola