झारखंड कांग्रेस के 'एक्स' हैंडल पर भारत में लगी रोक, अमित शाह का फर्जी वीडियो पोस्ट करने पर हुई कार्रवाई

कांग्रेस भवन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो पोस्ट करने पर झारखंड कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई हुई है. एक्स ने झारखंड कांग्रेस के 'एक्स' हैंडल पर भारत में रोक लगा दी है.
रांची: झारखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया ‘एक्स’ हैंडल पर कार्रवाई की गयी है. एक्स ने झारखंड कांग्रेस के हैंडल पर भारत में रोक लगा दी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो पोस्ट करने के आरोप में ये कार्रवाई की गयी है. एएनआई के मुताबिक एक कानूनी मांग के जवाब में भारत में एक्स द्वारा झारखंड कांग्रेस का हैंडल रोक दिया गया. इस हैंडल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक ‘डीपफेक मॉर्फ्ड वीडियो’ पोस्ट किया गया था.
दो मई को दिल्ली पुलिस ने बुलाया
दिल्ली पुलिस ने झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले की जांच के लिए दो मई को बुलाया है. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा 28 अप्रैल को इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
जांच के बाद जारी करना चाहिए नोटिस
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि दिल्ली पुलिस से उन्हें मंगलवार को नोटिस मिला, लेकिन यह समझ से परे है कि उन्हें नोटिस क्यों दिया गया है? यह अराजकता के अलावा और कुछ नहीं है. यदि कोई शिकायत थी तो उन्होंने सबसे पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उनके अकाउंट में उपलब्ध सामग्री को सत्यापित करना चाहिए था. चुनाव प्रचार अपने चरम पर है और चुनाव अभियान में उनकी व्यस्तता को समझा जा सकता है. ऐसी स्थिति में लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की मांग की गयी है. चीजों को बिना सत्यापित किये समन जारी करना उचित नहीं है.
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की शिकायत पर प्राथमिकी
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले में ‘इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर’ की शिकायत पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की थी. केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले आई4सी की शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में अमित शाह का बयान धार्मिक आधार पर मुस्लिमों का कोटा खत्म करने की प्रतिबद्धता की तरफ इशारा करता है, जबकि इस वीडियो में छेड़छाड़ करके वायरल किये गये फर्जी वीडियो को देखकर लगता है कि अमित शाह सभी तरह का आरक्षण खत्म करने की वकालत कर रहे थे.
झारखंड भाजपा ने दर्ज करायी शिकायत
झारखंड भाजपा की तरफ से भी मंगलवार को शाह का फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गयी. इन दोनों आरोपियों के नाम शैलेंद्र हाजरा और रूपेश रजक हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




