ePaper
Live Updates

Jharkhand Breaking News LIVE: 14 लाख रुपये की ठगी मामले में चार साइबर ठग गिरफ्तार

Updated at : 11 Feb 2023 11:04 PM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Breaking News LIVE: 14 लाख रुपये की ठगी मामले में चार साइबर ठग गिरफ्तार

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ...

विज्ञापन
Auto-updating every 30s
11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

14 लाख रुपये की ठगी मामले में चार साइबर ठग गिरफ्तार

देवघर/ दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के बिधाननगर इलाके में छत्तीसगढ़ की पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया. इन चारों को छत्तीसगढ़ के एक बुजुर्ग से 14 लाख रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया गया, जिसमें देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहरुडीह गांव का रहने वाला दिनेश राय व प्रकाश राजवार तथा गोड्डा जिले के असडीहा इलाके का निवासी मो. आलम के अलावा राजस्थान का एक युवक महेंद्र सिंह शामिल है. देवघर व गोड्डा के तीनों युवक बिधाननगर इलाके में एक कमरा किराये पर लेकर रहता था, जबकि राजस्थान का युवक दुर्गापुर स्थित कांकसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मलानदिघी इलाके में किराये के मकान में रहता था.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

गुमला में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत

गुमला जिले के सिसई प्रखंड स्थित बरगांव नेशनल हाइवे में अवैध बालू लदा आइसर ट्रक (नंबर जेएच 01 इइन 8301) ने तीन युवकों को कुचल दिया. तीनों युवकों की मौत हो गयी. तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे. घटना शुक्रवार की देर रात की है. मृतकों में कुलंकेरी बगीचाटोली निवासी विकास उरांव (18), विरेंद्र उरांव (20) व बुधदेव उरांव (17) शामिल है. तीनों युवक गुनाटोली गांव में शादी समारोह में भाग लिये और रात को एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

रांची के पशु चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण

रांची के पशु चिकित्सा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर 159 फलदार और छायादार पौधे लगाए. पौधरोपण का आयोजन रांची की स्वयंसेवी संस्था टीम ग्रीन के सहयोग से किया गया था. फलदार प्रजातियों में आम, लीची, कटहल, जामुन, अमरूद तथा छायादार पौधों में स्वर्णचंपा, गुलमोहर एवं पारल के पौधे शामिल थे. पौधे एवं उर्वरक टीम ग्रीन द्वारा उपलब्ध कराए गए थे. जिनके साथ समन्वयन की जिम्मेदारी इंटर्नशिप के छात्र सुशील मिश्र ने निभाई. एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ प्रवीण कुमार ने बताया कि परिसर को अधिकाधिक हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से अगले रविवार 19 फरवरी को महाविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में पौधरोपण का कार्यक्रम चलाया जाएगा. एनएसएस के छात्र समन्वयक सत्येंद्र कुमार और कैथी तान्या टोप्पो की सक्रिय भूमिका रही. पौधा लगाने वाले सभी 118 छात्र-छात्राओं ने प्रतिज्ञा ली कि वे जब तक विद्यार्थी के रूप में कॉलेज में रहेंगे, तब तक पौधों की देखभाल करते रहेंगे.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

रांची के कांके में डीएसपीएमयू के अमानत पाठ्यक्रम का वार्षिक कैंप

रांची के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के अंतर्गत अमानत सर्वे सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम संचालित किया जाता है. वर्तमान में सत्र 2022-23 बैच के विद्यार्थियों के लिए 7 फरवरी से 7 मार्च की अवधि तक 30 दिवसीय वार्षिक सर्वेक्षण कैंप का आयोजन कांके में आयोजित किया जा रहा है. 68 विद्यार्थियों का नेतृत्व पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ नलिन कांत महतो और डॉ सत्यप्रिय महतो के दिशा निर्देशन में संचालित किया जा रहा है. इसके अलावा डॉ सुरजीत दत्ता, विवेक और अमीन रतन महतो इस सर्वेक्षण की बारीकियों से विद्यार्थियों को अवगत करा रहे हैं. यह जानकारी पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने दी.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

अपराध की योजना बनाते लोडेड पिस्तौल के साथ दो गिरफ्तार

चाईबासा : पांड्रासाली ओपी पुलिस ने खूंटपानी प्रखंड के बादिया गांव के पास अपराध की योजना बनाते दो अपराधियों को पकड़ा. इनके पास से एक लोडेड पिस्तौल के साथ एक जिंदा गोली भी बरामद की है. पकड़ाये अपराधियों ने अपना नाम पांड्रासाली ओपी क्षेत्र के गोंडाई निवासी माड़की गोप और दूसरे ने खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव निवासी सुनील कारवां बताया. दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

कोडरमा से लापता सेवानिवृत्त शिक्षक गिरिजानंदन प्रसाद का शव बरामद

कोडरमा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधिमाटी निवासी सेवानिवृत शिक्षक 69 वर्षीय गिरिजानंदन प्रसाद का शव शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के आरआईटी और डंगरा पहाड़ के नजदीक जंगल से बरामद किया गया. 31 जनवरी से ये लापता थे. इस मामले को लेकर उनके पुत्र आनंद किशोर ने कोडरमा थाना में कांड संख्या 20/63 के तहत अपहरण का केस भी दर्ज कराया था. इधर, चंदवारा थाना क्षेत्र के जवाहर घाट के पास से शनिवार को एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है. मृतक की पहचान सोनू पंडित (पिता प्रयाग पंडित) निवासी बुच्चीटांड़ डोमचांच के रूप में हुई है. शव पूरी तरह क्षत-विक्षत है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर उसके शव को यहां फेंक दिया गया है.

11:04 PM. 11 Feb 2311:04 PM. 11 Feb

कोडरमा के सतगावां में प्रतिबंधित मांस के साथ दो गिरफ्तार

कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के शिवपुर स्थित चिमनी भट्टा के समीप शनिवार की सुबह प्रतिबंधित मांस के साथ दो युवकों को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया. बाद में दोनों को पुलिस को सौंप दिया गया. दोनों युवक मोहम्मद इम्तियाज कुरैशी (पिता मोहम्मद फेकू कुरैशी) व चुन्नू कुरैशी (पिता सुल्तान कुरैशी) का बिहार है. थाना प्रभारी आनंद कुमार साह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे बासोडीह निवासी मोहम्मद नौशाद के यहां मांस पहुंचाने जा रहे थे.

7:03 PM. 11 Feb 237:03 PM. 11 Feb

सोनाहातू में बकरी चराने गयी महिला पर भालू ने किया हमला

सोनाहातू थाना क्षेत्र के बारेंदा पंचायत के देवानसरना गांव निवासी 30 वर्षीय बबीता देवी एक जंगली भालू के हमले में जख्मी हो गयी है. घटना शनिवार को दिन में हुई. बताया जाता है कि महिला दिन में बारेंदा पहाड़ बकरी चराने गयी थी. इसी दौरान एक जंगली भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया. महिला ने साहस का परिचय दिया और जान बचाकर भाग गयी. ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को प्राथमिकी उपचार के लिए सोनाहातू सीएससी लाया गया. उपचार के बाद महिला को सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया.

7:03 PM. 11 Feb 237:03 PM. 11 Feb

खरसावां : पेड़ पर फंदे से झूलती हुई मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर-तेलासाई चौक से जोजोडीह गांव की जाने वाली सड़क के किनारे एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला. प्रथमदृष्टया पुलिस मामले को खुदकुशी मान रही है. मृतक की पहचान पदमपुर (बांदियासाई) गांव के सूरज बांदिया उर्फ गोविंदा (19) के रूप में की गयी है. बताया गया है कि शुक्रवार की शाम सूरज बांदिया पास के गांव जोजोडीह में मागे पर्व देखने गया था. शनिवार सुबह उसकी लाश पेड़ पर फंदे से झूलती मिली.

7:03 PM. 11 Feb 237:03 PM. 11 Feb

टुंडी पहाड़ की तराई में लगी भीषण आग, बुझाने में जुटे हैं वनकर्मी

टुंडी पहाड़ की तराई में किसी ने आग लगा दी. देखते ही देखते आग पहाड़ी की चोटी तक पहुंच गया. आग लगने की खबीर सुनकर वन एवं पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रभारी वनपाल गोविंद मिस्त्री अपने सहयोगियों के साथ जंगल पहुंचे. आग बुझाने का काम शुरू किया. पहाड़ पर पानी की समस्या की वजह से ‘फायर लाइन’ की कटिंग की गयी. शाम तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था. वनकर्मी आग बुझाने के काम में लगे थे. (टुंडी से चंद्रशेखर सिंह)

4:24 PM. 11 Feb 234:24 PM. 11 Feb

हजारीबाग के चट्टीबरियातु बाजार टांड में रैयतों की बैठक

केरेडारी : हजारीबाग के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र स्थित चट्टीबारियातु बाजार टांड में शनिवार 11 फरवरी को विस्थापित क्षेत्र जोरदाग और पगार चट्टीबारियातु के भू-रैयतों की बैठक हुई. बैठक में रैयतों ने चट्टीबारियातु कोल परियोजना से कोयला ढुलाई के लिए अलग सड़क की मांग की. साथ ही कहा अगर जल्द इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. बैठक की अध्यक्षता बैजनाथ महतो और संचालन संतोष महतो ने किया. वहीं, इस बैठक में कामेश्वर महतो, अनिल मुंडा, सुरेश महतो, अजय गुप्ता, सुरेंद्र साव के अलावा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.

4:24 PM. 11 Feb 234:24 PM. 11 Feb

रांची के मांडर में एक ज्वेलरी दुकान से लाखों की लूट

रांची : मांडर के एनएच 75 स्थित शंकर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लाखों की लूट हुई है. तीन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गयी है.

4:24 PM. 11 Feb 234:24 PM. 11 Feb

सीएम हेमंत सोरेन से बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने की मुलाकात

Jharkhand Breaking News LIVE: 14 लाख रुपये की ठगी मामले में चार साइबर ठग गिरफ्तार

रांची : झारखंड की राजधानी रांची आये बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शनिवार 11 फरवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर बात हुई. वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने राजद सुप्रीमो लालू यादव के स्वास्थ्य के बारे में तेजस्वी से जानकारी ली. बता दें कि दो दिवसीय दौरे पर तेजस्वी यादव रांची आये हुए हैं. इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, बिहार विधानसभा के सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी, बिहार के पूर्व मंत्री श्याम रजक, झारखंड के पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव मौजूद थे.

4:24 PM. 11 Feb 234:24 PM. 11 Feb

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पहुंचे रांची, दो दिनों तक पार्टी कार्यकर्ताओं संग करेंगे मंथन

रांची : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से स्वागत किया. इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कह कि झारखंड में पार्टी को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करेंगे. वहीं, संगठन का भी हाल जानेगे. 12 फरवरी, 2023 को तेजस्वी यादव हरमू रोड स्थित कॉर्निवाल हॉल में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में भी हिस्सा लेंगे.

4:24 PM. 11 Feb 234:24 PM. 11 Feb

जन आंदोलन के कारण हटिया से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित, पढ़ें पूरी लिस्ट

रांची : पारसनाथ के मरांग बुरु को जैनियों के साथ आदिवासियों का भी धर्मस्थल घोषित करने, सरना धर्म कोड लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर रेल चक्का धाम का असर दिखने लगा है. जन आंदोलन के कारण हटिया से गुजरने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई है. रेलवे की ओर से बताया गया कि खड़गपुर रेल मंडल के अंतर्गत कांटाड़ी तथा खेमाशुलि स्टेशन पर जन आंदोलन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी

ट्रेनों का आंशिक समापन

– ट्रेन संख्या (18602/18601) हटिया – टाटानगर – हटिया एक्सप्रेस ट्रेन (यात्रा प्रारंभ दिनांक 11/02/2023) का पुरुलिया स्टेशन पर आंशिक समापन होगा.

परिवर्तित मार्ग से ट्रेनें चलेंगी

– ट्रेन संख्या (22892/22891) रांची- हावड़ा- रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन यात्रा प्रारंभ दिनांक 11/02/2023 को अपने निर्धारित मार्ग मुरी- कोटशिला- पुरुलिया- चांडिल के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मुरी- कोटशिला- बोकारो स्टील सिटी- भोजूडीह- आद्रा – मेदिनिपोर होकर चलेगी.

1:03 PM. 11 Feb 231:03 PM. 11 Feb

बरहरवा के जमालपुर में बनेगा 55 लाख की लागत से अस्पताल: बन्ना गुप्ता

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के आगमन पर बरहरवा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि बरहरवा के जमालपुर में जल्द ही 55 लाख की लागत से दो मंजिला छोटा अस्पताल बनेगा. इसके के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर काम चल रहा है. जल्द ही इसकी स्वीकृति दी जाएगी.

1:03 PM. 11 Feb 231:03 PM. 11 Feb

बाबा तिलक मांझी जी की जयंती आज, सीएम हेमंत सोरेन ने किया नमन 

सीएम हेमंत सोरेन ने अंग्रेजों के शोषण के खिलाफ झारखंड के आदिवासी-मूलवासियों के लिए विद्रोह का इतिहास सबसे पुराना है. 1857 से कहीं पहले अंग्रेज शोषकों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजाने वाले अणीर वीर शहीद बाबा तिलक मांझी जी की जयंती पर शत-शत नमन.

1:03 PM. 11 Feb 231:03 PM. 11 Feb

 सिमडेगा में 30 डिसमिल जमीन में लहलहाती अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट

सिमडेगा: बानो थाना इलाके के जमतई पंचायत के धोबीगढ़ा खटांगटोली में लगभग 30 डिसमिल जमीन में लगी अफीम का खेती को नष्ट किया गया. उक्त इलाके में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है. इसके बाद पूरे खेत में ट्रैक्टर से अफीम की फसल को पूरी तरह से नष्ट किया गया. उक्त मामले में जमीन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है कि खेत मालिक के द्वारा स्वयं लगाया गया था या उसे किसी और ने लगाने के लिए कहा था.

1:03 PM. 11 Feb 231:03 PM. 11 Feb

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहुंचे दुमका

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दुमका पहुंच गये हैं. एयरपोर्ट दुमका से थोड़ी देर बाद साहिबगंज के श्री कुंड के लिए रवाना होंगे. कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे झारखंड के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, वरिष्ठ नेता कृष्णानंद झा सहित कई नेताओं ने स्वागत किया.

Jharkhand Breaking News LIVE: 14 लाख रुपये की ठगी मामले में चार साइबर ठग गिरफ्तार
1:03 PM. 11 Feb 231:03 PM. 11 Feb

श्रीराम सेना के उपाध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत

दोस्त को नामकुम छोड़कर घर लौट रहे शास्त्री मैदान सामलौग निवासी आशीष सिंह उर्फ गोलू की सड़क हादसे में मौत हो गई है. गोलू श्रीराम सेना चुटिया के उपाध्यक्ष थें. घटना शुक्रवार की रात 10:30 बजें थाना क्षेत्र के डाकघर के समीप की है.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

स्वामी मुकुंदानंद जी का संकीर्तन और प्रवचन आज से कडरू पार्क में

रांची. कृपालुजी महाराज के वरिष्ठ प्रचारक स्वामी मुकुंदानंद का संकीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन आज से शुरू होगा. यह आयोजन को-ऑपरेटिव कॉलोनी कडरू स्थित चिल्ड्रन पार्क में हो रहा है. संकीर्तन 15 फरवरी तक शाम छह से रात आठ बजे तक चलेगा. स्वामी जी भक्तों को कथा का रसपान करायेंगे. यह आयोजन राधा गोविंद धाम आयोजन समिति करा रही है.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

सरायकेला के चांडिल में रेल चक्का जाम

सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास शनिवार की सुबह करीब 7 बजे चांडिल रेलवे स्टेशन के समीप लेंगडीह-सिकली के बीच आदिवासी सेंगेल अभियान के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी धर्म कोड सरना को लागू करने को लेकर रेल चक्का जाम कर दिया. सुबह करीब 7 बजे दर्जनों की संख्या में आदिवासी सेंगेल अभियान के कार्यकर्ता अपने हाथों में तख्तियां, झंडा व बैनर लेकर को जाम किया. जिससे नीलांचल एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस घंटो तक रुकी रही.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

दिशा की बैठक आज, तैयारी में जुटा जिला प्रशासन

धनबाद दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक शनिवार को सांसद पशुपति नाथ की अध्यक्षता में समाहरणालय में होगी. इसमें उपायुक्त संदीप सिंह समेत जिले के सभी जनप्रतिनिधि शामिल होंगे. बैठक में विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी. वहीं कई मुद्दों पर हंगामा के भी आसार हैं.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

मतदान के लिए रामगढ़ में 27 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश

रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को लेकर 27 फरवरी को मतदान होगा. मतदान को लेकर भारत निर्वाचन आयोग नयी दिल्ली व राज्य निर्वाचन आयोग, रांची के निर्देशानुसार 27 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. जारी अधिसूचना में सरकार के अवर सचिव ब्रज माधव ने 27 फरवरी को रामगढ़ जिले के सभी कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक बैंक में स्थानीय सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. 27 फरवरी से ही सीबीएसइ बोर्ड के मुख्य विषयों की परीक्षा भी शुरू हो रही है. इसे लेकर परीक्षार्थी और अभिभावक सशंकित हैं कि उन्हें कहीं परेशानी न हो जाये.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

आदिवासी सेंगल अभियान के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर ट्रेन रोका

आदिवासी सेंगल अभियान के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को मधुपुर व जसीडीह के बीच स्थित मथुरापुर स्टेशन पहुंच कर रेल का चक्का जाम कर दिया. सुबह करीब पौने सात बजे दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता अपने हाथों में झंडा, बैनर लेकर प्लेटफार्म के अंदर प्रवेश कर गये और डाउन बैद्यनाथधाम- आसनसोल मेमू ट्रेन को 7:07 से रोक दिया. इस दौरान कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर नारेबाजी करते हुए जमे हुए हैं.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

एटक कार्यकारिणी की बैठक आज

रांची. एटक से संबद्ध इंडियन माइन वर्कर्स फेडरेशन की बैठक शनिवार को सीएमपीडीआइ में होगी. इसमें कोल इंडिया की सभी अनुषंगी इकाइयों के कार्यकारिणी के सदस्य हिस्सा लेंगे. बैठक में एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह फेडरेशन के महामंत्री रमेंद्र कुमार आदि रहेंगे.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

आदिवासी बुद्धिजीवी मंच का चुनाव आज

आदिवासी बुद्धिजीवी मंच की सत्र 2023-2025 के लिए नयी कार्यकारिणी समिति का गठन 11 फरवरी को किया जायेगा. चुनाव की प्रक्रिया हवाई नगर स्थित कार्यालय परिसर में दिन के 10.30 बजे से होगी. यह जानकारी राष्ट्रीय संयोजक विक्टर मालतो ने दी.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज झारखंड आयेंगे

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज झारखंड आयेंगे. पार्टी प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने बताया कि वह दिन के 11:00 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. झारखंड में संगठन का हाल जानेंगे. 12 फरवरी को तेजस्वी हरमू रोड स्थित कॉर्निवाल हॉल में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में हिस्सा लेंगे.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

झारखंड के DGP नीरज सिन्हा के कार्यकाल का आज अंतिम दिन

डीजीपी नीरज सिन्हा के कार्यकाल का 11 फरवरी (शनिवार) को अंतिम दिन है. उम्मीद की जा रही थी कि इनके स्थान पर झारखंड के नये डीजीपी का निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर हो जायेगा, लेकिन शुक्रवार देर शाम तक इस पर निर्णय नहीं हो सका. उधर, वर्तमान डीजीपी नीरज सिन्हा को विदाई देने की तैयारी डोरंडा स्थित जैप-वन में की गयी है. शनिवार को उन्हें विभाग की ओर से परंपरा के अनुरूप विदाई दी जायेगी. इसको लेकर शुक्रवार की शाम पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने डीजीपी को कार्यक्रम का कार्ड भी भेंट किया.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

कांके रोड में आज नहीं होगी पानी की आपूर्ति

कांके रोड व आसपास के इलाकों में आज वाटर सप्लाई नहीं होगी. गोंदा डिविजन के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि कांके रोड सीएन होंडा के पास जियो फाइबर कंपनी ने दोनों राइजिंग पाइप लाइन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है. इस कारण शुक्रवार की शाम को भी जलापूर्ति प्रभावित हुई है. दोनों लाइन की मरम्मत के बाद शनिवार की शाम या फिर रविवार को जलापूर्ति संभव है.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

वेटिकन के राजदूत आज हवाई मार्ग से आयेंगे रांची

वेटिकन के राजदूत सह पोप फ्रांसिस के प्रतिनिधि अपोस्तोलिक नुनसियो, आर्चबिशप लियोपोल्दो जिरेल्ली शनिवार को हवाई मार्ग से रांची पहुंचेंगे और वहां से खूंटी के लिए रवाना हो जायेंगे. 12 फरवरी को खूंटी में डायसिस कैथोलिक महिला संघ के 25 वर्षीय जुबली समारोह में हिस्सा लेंगे. खूंटी के बिशप विनय कंडुलना ने बताया कि आर्चबिशप जिरेल्ली पास्टोरल विजिट पर आ रहे हैं.

11:43 AM. 11 Feb 2311:43 AM. 11 Feb

मल्लिकार्जुन खरगे आज झारखंड में, साहिबगंज से शुरू करेंगे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज साहिबगंज के गुमानी (श्रीकुंड) स्थित प्लस टू मिल्लत उच्च विद्यालय के मैदान से हाथ-से-हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करेंगे. खरगे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार झारखंड दौरा पर हैं. वह हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए भी देशभर में सबसे पहले झारखंड पहुंच रहे है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरा को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है.

7:47 AM. 11 Feb 237:47 AM. 11 Feb

शिबू सोरेन की स्थिति में हो रहा सुधार, हेल्थ रिव्यू आज

मेदांता में भर्ती झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है. ऑक्सीजन सेचुरेशन पहले से ठीक हुआ है, जिससे दो लीटर कृत्रिम ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है. वह खुद से खाना भी खा रहे हैं और अपने को पहले से बेहतर बता रहे हैं. आज हेल्थ का रिव्यू किया जायेगा.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola