CM हेमंत की सौगात, बीमार और दिव्यांग कलाकारों को मिलेगा 4000 रुपये पेंशन, 31 जुलाई तक करें आवेदन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर झारखंड के बीमार, दिव्यांग और जरूरतमंद कलाकारों को ₹4000 प्रतिमाह पेंशन देने की योजना शुरू की गई है. पात्र कलाकार 31 जुलाई तक आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
सुनील चौधरी
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर राज्य सरकार ने वरिष्ठ, गंभीर रूप से बीमार एवं स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए मासिक निवृत्तिका (कलाकार पेंशन) योजना को मंजूरी दे दी है. योजना के तहत पात्र कलाकारों को 4000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जायेगी. यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जायेगी.
सरकार की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक
कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कलाकारों को सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देना है. साथ ही कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करना भी है. कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने बताया कि उम्र, गंभीर बीमारी अथवा स्थायी दिव्यांगता के कारण आर्थिक संकट झेल रहे कलाकारों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण सहारा साबित होगी. उन्होंने कहा कि यह कलाकारों के जीवनभर के योगदान के प्रति राज्य सरकार की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है.
इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत
योजना के तहत झारखंड के मूल निवासी वृद्ध, गंभीर रूप से बीमार और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकार आवेदन कर सकते हैं. संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोककला, चित्रकला, मूर्तिकला समेत विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकार इसके दायरे में शामिल होंगे. आवेदन के साथ आयु प्रमाण पत्र, वार्षिक आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की प्रति, बैंक खाते का विवरण और कला क्षेत्र में उपलब्धियों, सम्मान और पुरस्कारों से संबंधित प्रमाण पत्र जमा करना होगा. गंभीर बीमारी अथवा दिव्यांगता की स्थिति में सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी चिकित्सा या दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी अनिवार्य होगा.
31 जुलाई तक ऐसे करें आवेदन
विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी रखा है. इच्छुक कलाकार योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रपत्र झारखंड कल्चर वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा किये जा सकते हैं. योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गयी है. सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से राज्य के जरूरतमंद कलाकारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनकी कला साधना को भी सम्मान मिलेगा.
ये भी पढ़ें…
कांटाटोली स्थित सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, जांच उपकरण जब्त; डीसी ने निर्देश पर हुई छापेमारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










