JPSC Student Protest: क्या केंद्र के इशारे पर मुझ पर स्याही फेंकी गई ? : नेहा बोरा

Updated:
विज्ञापन

जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्र मार्च के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने से मामला गर्मा गया है। नेहा बोरा ने भाजपा-आरएसएस पर छात्र आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है. जानिए छात्र आंदोलन की तीन प्रमुख मांगें क्या हैं.

विज्ञापन

JPSC Student Protest: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ निकाले गए छात्र मार्च के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के बाद नेहा बोरा ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि क्या केंद्र के इशारे पर छात्र आंदोलन को दबाने के लिए उन पर हमला कराया गया?

शुक्रवार को रांची में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा की ओर से जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त मार्च निकाला गया था. मार्च का नेतृत्व नेहा बोरा कर रही थीं. पुराना विधानसभा से करमटोली स्कूल के पास पहुंचने के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पीछे से उनके चेहरे, बाल और कपड़ों पर स्याही फेंक दी.

घटना के बाद नेहा बोरा ने भाकपा-माले के विधायक आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से वह डरने वाली नहीं हैं और छात्र-युवा आंदोलन इससे कमजोर नहीं होगा.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा डलवाया, इसलिए आंदोलन पर हमला

नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को दबाने के लिए भाजपा और आरएसएस परोक्ष राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्र-युवा इन घटनाओं को भूलने वाले नहीं हैं. उनका आरोप था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा दिलवाने वाले छात्र आंदोलन को कमजोर करने के लिए इस तरह के हमले कराए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि जब छात्र-युवा आंदोलन के दौरान आंसू गैस और पैलेट गन का सामना किया जा चुका है, तो स्याही फेंकने जैसी घटनाओं से आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन नफरत की राजनीति का जवाब देगा.

स्याही फेंकने वाले युवक को लेकर क्या बोलीं नेहा बोरा?

नेहा बोरा ने दावा किया कि उनके ऊपर स्याही फेंकने वाला युवक अमरनाथ पांडे है और उसकी उम्र 26 वर्ष है. उनके मुताबिक, युवक हजारीबाग का रहने वाला है और विनोबा भावे विश्वविद्यालय में हिंदी ऑनर्स की पढ़ाई कर रहा है.

नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि युवक आरएसएस का सदस्य और भाजपा समर्थक है. उन्होंने पुलिस से युवक की पहचान और उसके राजनीतिक-संगठनात्मक संबंधों की जांच कर सार्वजनिक करने की मांग की.

नेहा बोरा ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेहा बोरा ने छात्र आंदोलन से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं.

  • 14वीं जेपीएससी परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए.
  • जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द कर नया शेड्यूल जारी किया जाए.
  • परीक्षा कराने वाली एजेंसियों को जांच के दायरे में लाया जाए और शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निजी कंपनियों व अस्थायी एजेंसियों के बजाय सरकारी संस्थाओं को दी जाए.

उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी की स्थिति में जवाबदेही सीधे सरकार की होनी चाहिए.

माले नेताओं ने बताया पूर्व नियोजित हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाकपा-माले के पूर्व विधायक विनोद सिंह, विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने भी घटना को लेकर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा.

नेताओं ने आरोप लगाया कि नेहा बोरा पर हमला पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था. उनका दावा था कि नेहा के झारखंड आने से पहले से ही उन्हें धमकियां दी जा रही थीं. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.

नेहा बोरा ने कहा कि छात्र-युवा आंदोलन में आइसा की भागीदारी लगातार जारी रहेगी. उन्होंने 10 अगस्त को होने वाले छात्र आंदोलन को भी अपना सक्रिय समर्थन देने की बात कही.


विज्ञापन
Bipin Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola