Ranchi news : भारतीय वायुसेना का दो दिवसीय एयर शो कल से नामकुम में, प्रवेश नि:शुल्क

Updated at : 17 Apr 2025 8:43 PM (IST)
विज्ञापन
Ranchi news : भारतीय वायुसेना का दो दिवसीय एयर शो कल से नामकुम में, प्रवेश नि:शुल्क

रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा. 19 व 20 अप्रैल को सुबह 9:45 से 10:45 बजे तक चलेगा शो. सुबह 08:30 तक सभी को निर्धारित स्थान ग्रहण कर लेना है.

विज्ञापन

रांची. नामकुम के खोजाटोली स्थित आर्मी ग्राउंड में 19 और 20 अप्रैल को भारतीय वायुसेना की ओर से भव्य एयर शो किया जायेगा. सुबह 9:45 से 10:45 बजे तक शो चलेगा. शो देखने के लिए सुबह 08:30 तक सभी को निर्धारित स्थान ग्रहण कर लेना होगा. इस शो में प्रवेश नि:शुल्क है. एयर शो की तैयारी को लेकर गुरुवार को रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

तैयारी समय पर पूरा करने का निर्देश

उन्होंने तैयारी समय पर पूरा करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिये. वहीं, कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, शौचालय, होडिंग, साइनेज व अन्य तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से कराने को कहा. कार्यक्रम के दौरान विधि व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. बैठक में सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार, एडीएम लाॅ एंड ऑर्डर राजेश्वर नाथ आलोक, रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, डीपीआरओ उर्वशी पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह के अलावा एयरफोर्स के अधिकारी मौजूद थे.

स्कूली बच्चों को किया गया आमंत्रित

19 अप्रैल को होने वाले एयर शो में स्कूली बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. शो में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम अपनी शानदार हवाई करतबों से आसमान में जादू बिखेरेगी.

एयर शो का रिहर्सल, आसमान में दिखाये हैरतअंगेज करतब

नामकुम.

आर्मी मैदान में गुरुवार को एयर शो का रिहर्सल हुआ. सुबह करीब 10:15 बजे से 10:45 बजे तक सूर्य किरण टीम ने छह एयरक्राफ्ट के साथ रिहर्सल किया. वहीं, दोपहर दो बजे दोबारा रिहर्सल किया गया. एयर शो का रिहर्सल शुरू होते ही अचानक तेज गर्जन के साथ नामकुम इलाका गूंज उठा. छह एयरक्राफ्ट एक साथ आसमान को चिरते हुए आगे बढ़े. आसमान में करतब दिखा रहे एयरक्राफ्ट को पहली बार देख ग्रामीण शुरुआत में भ्रमित हुए. बाद में उत्साहित नजर आये. रिहर्सल के दौरान चार एयरक्राफ्ट एक साथ और दो एयरक्राफ्ट उनसे कुछ दूरी पर दाएं-बाएं मुड़ कर करतब दिखाते नजर आये.

आर्मी ग्राउंड की 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा आज से, मांस-मछली की दुकानों पर प्रतिबंध

एयर शो के मद्देनजर आर्मी ग्राउंड की 200 मीटर की परिधि में 18 अप्रैल की सुबह छह बजे से 20 अप्रैल की रात 11 बजे तक निषेधाज्ञा रहेगी. वहीं, शो के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से आर्मी ग्राउंड की 200 मीटर की परिधि में मांस-मछली की दुकानों को प्रतिबंधित किया गया है. ताकि, पक्षियों का जमावड़ा न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना न घटे. इस संबंध में सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने गुरुवार को आदेश जारी किया है.

एयरपोर्ट में 10 विमानों की पार्किंग व्यवस्था

रांची.

नामकुम के आर्मी मैदान में 19 और 20 अप्रैल को भारतीय वायुसेना का एयर शो होने वाला है. इसको लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि 10 विमानों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJIV KUMAR

लेखक के बारे में

By RAJIV KUMAR

RAJIV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola