बिना देवेंद्र महतो के रांची के सदर अस्पताल से लौटे आंदोलनकारी, डॉक्टर बोले- डिस्चार्ज संभव नहीं, बनेगी नई रणनीति
अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो और उनके बगल में बैठे अन्य आंदोलनकारी छात्र
जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. ऐसे में अब छात्र धरना स्थल पर आगे की रणनीति तय करेंगे.
रांची : जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत में अभी भी सुधार नहीं हुआ है. उनका इलाज अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है. सोमवार को देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से वापस धरना स्थल पर लाने के लिए रामअवतार महतो समेत कई छात्र पहुंचे थे. हालांकि, डॉक्टरों ने उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डिस्चार्ज करने से इनकार कर दिया. अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं होने के बाद अब छात्र धरना स्थल पर आगे की रणनीति तय करेंगे.
क्या कहा सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने
इस बारे में जब अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देवेंद्र महतो का स्वास्थ्य अभी ठीक नहीं है. ऐसी स्थिति में उन्हें अस्पताल से छुट्टी देना संभव नहीं है. डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखना जरूरी है. इसके बाद रामअवतार महतो और उनके साथ पहुंचे सभी छात्र अस्पताल से वापस धरना स्थल लौट गए.
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की वजह से बिगड़ी सेहत
देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, अनियमितता और पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू की थी. लंबे समय तक अनशन के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा है. हाल की चिकित्सकीय जांच में डिहाइड्रेशन और ब्लड प्रेशर गिरने जैसी स्थिति सामने आने की रिपोर्ट है.छात्र आंदोलनकारियों का कहना है कि देवेंद्र महतो की तबीयत खराब होने के बावजूद उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलनकारी जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड JPSC-JSSC Protest : JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के ठिकानों पर CID की छापेमारी, खंगाले गए दस्तावेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









