गलत जाति-निवासी प्रमाण पत्र की अनुशंसा पर अंचल निरीक्षक पर होगी विभागीय कार्रवाई
गोड्डा के अंचल निरीक्षक मुक्तेश्वर प्रसाद रजक पर गलत जाति और निवासी प्रमाण पत्र जारी करने की अनुशंसा करने के आरोप में विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है.
रांची: गलत तरीके से जाति और निवासी प्रमाण पत्र जारी करने की अनुशंसा करने के आरोप में गोड्डा के अंचल निरीक्षक मुक्तेश्वर प्रसाद रजक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गयी है. राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. प्रारंभिक जांच और अंचल निरीक्षक के लिखित बचाव बयान की समीक्षा के बाद सरकार ने आरोपों को प्रथम दृष्टया प्रमाणित माना है.
चार लोगों के प्रमाण पत्र में गड़बड़ी का आरोप
गोड्डा के उपायुक्त ने जनवरी और फरवरी 2026 में पत्राचार के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी विभाग को दी थी. आरोप है कि अंचल निरीक्षक मुक्तेश्वर प्रसाद रजक ने रोहित कुमार, नेहा दत्ता और सुचारिता दत्ता के लिए गलत जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र जारी करने की अनुशंसा की. वहीं, प्रीतम कुमार गाड़िया के लिए गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने की अनुशंसा करने का भी आरोप है. मामले में विभाग ने अंचल निरीक्षक से लिखित बचाव बयान मांगा था. उनके द्वारा दिये गये जवाब और उपलब्ध अभिलेखों की समीक्षा के बाद सरकार ने माना कि उनके खिलाफ लगाये गये आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित प्रतीत होते हैं.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में CSR के तहत खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को मेडल-ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
नियम-17 के तहत होगी औपचारिक जांच
सरकार ने झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-17 के तहत औपचारिक विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया है. विभागीय जांच में आरोपों, संबंधित अभिलेखों और साक्ष्यों की विस्तृत पड़ताल की जायेगी. जांच के दौरान अंचल निरीक्षक को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर भी मिलेगा.
सेवानिवृत्त आइएएस सुनील कुमार को दी गई जांच करने की जिम्मेदारी
विभागीय कार्यवाही के संचालन के लिए सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी सुनील कुमार को जांच पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. वहीं, गोड्डा के अपर समाहर्ता को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी बनाया गया है. वह विभाग की ओर से जांच के दौरान पक्ष प्रस्तुत करेंगे. जांच पूरी होने के बाद आरोपों और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









