ePaper

बढ़ रही है महिला विधायकों की संख्या, झारखंड विस में चार के बाद पांच, आठ, फिर नौ, अब हैं 11 महिला विधायक

Updated at : 11 Nov 2019 1:47 AM (IST)
विज्ञापन
बढ़ रही है महिला विधायकों की संख्या, झारखंड विस में चार के बाद पांच, आठ, फिर नौ, अब हैं 11 महिला विधायक

संजय, रांची : झारखंड में महिला विधायकों की संख्या धीरे-धीरे ही सही, बढ़ रही है. झारखंड निर्माण से ठीक पहले हुए बिहार विधानसभा चुनाव (वर्ष 2000) में चार महिलाएं विधायक बनी थीं. वहीं 2005 में झारखंड बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव में पांच महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. इसके बाद 2009 के […]

विज्ञापन

संजय, रांची : झारखंड में महिला विधायकों की संख्या धीरे-धीरे ही सही, बढ़ रही है. झारखंड निर्माण से ठीक पहले हुए बिहार विधानसभा चुनाव (वर्ष 2000) में चार महिलाएं विधायक बनी थीं. वहीं 2005 में झारखंड बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव में पांच महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. इसके बाद 2009 के चुनाव में इनकी संख्या बढ़ कर आठ हो गयी.

महिला विधायकों का यह ग्राफ 2014 के चुनाव में भी बढ़ा, जब इनकी संख्या नौ हो गयी. वहीं सिल्ली व गोमिया का उप चुनाव महिला विधायकों के मामले में बोनस साबित हुआ. उक्त दोनों सीटों पर महिला प्रत्याशी क्रमश: झामुमो की सीमा देवी व बबिता देवी ने जीत हासिल की. इस तरह महिला विधायकों की संख्या बढ़ कर 11 हो गयी. उम्मीद की जा रही है कि 2019 में यह ट्रेंड बरकरार रहेगा.
सीटिंग सीटों पर एंटी इनकंबेंसी फैक्टर महिला प्रत्याशियों के मामले में भी लागू होता है. वर्ष 2000 में पोटका सीट से जीतने वाली भाजपा की मेनका सरदार वर्ष 2005 में हार गयी थी. उसी तरह 2009 में अपर्णा सेनगुप्ता व जोबा मांझी हार गयीं. इसके बाद 2014 में अन्नपूर्णा देवी, गीताश्री उरांव व सुधा चौधरी सीटें नहीं बचा पायीं.
2014 में छह नयी महिला विधायक जीत कर पहुंची थीं सदन
वर्ष 2000
अन्नपूर्णा देवी (राजद, कोडरमा)
सुशीला हांसदा (झामुमो, लिट्टीपाड़ा)
मेनका सरदार (भाजपा, पोटका)
जोबा मांझी (निर्दलीय मनोहरपुर)
वर्ष 2005
अन्नपूर्णा देवी (राजद, कोडरमा)
सुशीला हांसदा (झामुमो, लिट्टीपाड़ा)
जोबा मांझी (निर्दलीय, मनोहरपुर)
कुंती देवी (भाजपा, झरिया)
अपर्णा सेनगुप्ता (फारवर्ड ब्लॉक, निरसा)
वर्ष 2009
अन्नपूर्णा देवी (राजद, कोडरमा)
कुंती देवी (भाजपा, झरिया)
मेनका सरदार (भाजपा, पोटका)
विमला प्रधान (भाजपा, सिमडेगा)
सुधा चौधरी (जदयू, छतरपुर)
सीता सोरेन (झामुमो, जामा)
गीताश्री उरांव (कांग्रेस, सिसई)
गीता कोड़ा (निर्दलीय, जगन्नाथपुर)
वर्ष 2014
गंगोत्री कुजूर (भाजपा, मांडर)
मेनका सरदार (भाजपा, पोटका)
डॉ नीरा यादव (भाजपा, कोडरमा)
डॉ लुइस मरांडी (भाजपा, दुमका)
विमला प्रधान (भाजपा, सिमडेगा)
सीता सोरेन (झामुमो, जामा)
जोबा मांझी (झामुमो, मनोहरपुर)
निर्मला देवी (कांग्रेस, बड़कागांव)
गीता कोड़ा (निर्दलीय, जगन्नाथपुर)
उप चुनाव 2018
सीमा देवी (झामुमो, सिल्ली)
बबिता देवी (झामुमो, गोमिया)
हर बार कुछ नये चेहरे
वर्ष 2000 के बाद 2005 के चुनाव में कुंती देवी (झरिया) व अपर्णा सेनगुप्ता (निरसा) नयी महिला विधायक थीं. इसके बाद 2009 के चुनाव में झारखंड विधानसभा को महिला विधायकों के तौर पर पांच नये चेहरे मिले. इनमें विधायक विमला प्रधान (सिमडेगा की भाजपा प्रत्याशी), सुधा चौधरी (छतरपुर की जदयू प्रत्याशी), सीता सोरेन (जामा की झामुमो प्रत्याशी), गीताश्री उरांव (सिसई की कांग्रेस प्रत्याशी) व गीता कोड़ा (जगन्नाथपुर की निर्दलीय प्रत्याशी) शामिल थीं.
इधर 2014 में जहां इससे पहले का चुनाव हारनेवाली जोबा मांझी की फिर वापसी हो गयी. वहीं गंगोत्री कुजूर, डॉ नीरा यादव, डॉ लुइस मरांडी, निर्मला देवी तथा उप चुनाव के बाद सीमा देवी व बबिता देवी के रूप में झारखंड विधानसभा को नयी विधायक मिलीं. इस तरह इस विधानसभा में महिला विधायकों के सर्वाधिक छह नये चेहरे हैं.
महिला ने ही महिला को हराया
वर्ष 2000 के चुनाव से लेकर झारखंड विधानसभा के 2009 के चुनाव तक सदाबहार रहने वाली कोडरमा की राजद विधायक अन्नपूर्णा को भी 2014 के चुनाव में अपने घर में शिकस्त मिली, वह भी भाजपा की महिला प्रत्याशी डॉ नीरा यादव से. उसी तरह सिमडेगा की भाजपा प्रत्याशी विमला प्रधान ने भी इस सीट पर एक दूसरी महिला प्रत्याशी एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का को पराजित किया था.
सबसे ताकतवर महिला विधायक
कोई प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंद्वी को शायद ही कभी कमतर अांकता हो. पर बात यदि झारखंड की सबसे ताकतवर महिला प्रत्याशियों की हो, तो इसमें दुमका की विधायक डॉ लुइस मरांडी व सिल्ली विधायक सीमा देवी का नाम लेना सही होगा. डॉ लुइस ने 2014 में राज्य के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन को, जबकि सीमा देवी ने उप चुनाव में सिल्ली सीट पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो को पटखनी दे दी थी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola