रांची : यह देश निर्माण का समय, खेल बिगाड़नेवालों से रहें सावधान
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

क्रीड़ा भारती के तीसरे राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह में बोले संघ प्रमुख राजा बनने को सब तैयार, पर जिम्मेदारी लेने को कोई नहीं राज्य में खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति होगी : मुख्यमंत्री रांची-धनबाद : यह देश निर्माण का समय है. इसके लिए सामूहिकता की जरूरत है. राजा बनने को सब तैयार हैं, लेकिन जिम्मेदारी […]
विज्ञापन
क्रीड़ा भारती के तीसरे राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह में बोले संघ प्रमुख
राजा बनने को सब तैयार, पर जिम्मेदारी लेने को कोई नहीं
राज्य में खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति होगी : मुख्यमंत्री
रांची-धनबाद : यह देश निर्माण का समय है. इसके लिए सामूहिकता की जरूरत है. राजा बनने को सब तैयार हैं, लेकिन जिम्मेदारी लेने को कोई नहीं. देश में खेल बिगाड़नेवालों से सावधान रहने की जरूरत है. उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघ चालक मोहन भागवत ने रविवार को धनबाद के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रीड़ा भारती के तीसरे राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कही.
मोहन भागवत ने किसी राजनीतिक दल या नेता का नाम लिये बगैर देश के राजनीतिक हालात पर इशारों ही इशारों में कई बातें कहीं.
सामूहिकता व संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए यह जरूरी है. इसकी सीख खेल से ली जा सकती है. जैसे खिलाड़ी अपनी टीम की जीत के लिए सामूहिक रूप से मेहनत करते हैं, यह नहीं देखते हैं कि उनका साथी खिलाड़ी किस जाति या धर्म का है, इसी मन: स्थिति के साथ देश के विकास के लिए काम करने की जरूरत है.
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार प्रयासरत है. मोदी सरकार का खेलो इंडिया काफी सफल हुआ है.
राज्य सरकार झारखंड की सभी 4400 पंचायतों में खेल मैदान विकसित करेगी, ताकि गांव-गांव से खेल के क्षेत्र में दबी प्रतिभा सामने आ सके. खेल के क्षेत्र में भारत परम वैभव प्राप्त करेगा. सीएम ने मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स धनबाद को चार करोड़ की लागत से राष्ट्रीय स्तर का बनाने की घोषणा की. कहा कि राज्य में खेलों के आधार पर खिलाड़ियों की सीधी बहाली होगी. इसके लिए दो फीसदी पद आरक्षित होगा. जनवरी माह में झारखंड में खेल महाकुंभ आयोजित करने की कोशिश चल रही है.
इस वर्ष राज्य में पंचायत से लेकर राज्य स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें 1.36 लाख खिलाड़ी शामिल हुए. कई डे-बोर्डिंग सेंटर चल रहे हैं. रांची व देवघर में तीरंदाजी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोला जा रहा है. उन्होंने बहुत कम समय में क्रीड़ा भारती को राष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को बधाई दी.
एयरपोर्ट पर धक्का मुक्की में गिरे सांसद
क्रीड़ा भारती के कार्यक्रम में शामिल होने आये सीएम रघुवर दास का धनबाद के बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की हुई. इसमें धनबाद के सांसद पशुपति नाथ सिंह गिर गये. उनके हाथ-पांव में हल्की चोटें आयीं. उन्हें तुरंत उठा लिया गया. इसके बाद सांसद क्रीड़ा भारती के समापन समारोह में भी शामिल हुए.
सैनिक की तरह दें खिलाड़ियों को सम्मान
संघ प्रमुख ने कहा कि देश आज कई क्षेत्रों में तरक्की कर रहा है. खेल के क्षेत्र में भी दुनिया के बाकी देशों को टक्कर देने के लिए भारतीय खिलाड़ी बढ़ रहे हैं. लेकिन उन्हें और सुविधा तथा सहयोग देने की जरूरत है. सैनिक की तरह खिलाड़ियों को सम्मान देने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से बच्चों को खेल के मैदान में भेजने की अपील की
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










