रांची : स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए छूट दे रही सरकार : मुख्यमंत्री
Updated at : 14 Aug 2018 7:47 AM (IST)
विज्ञापन

सीएम ने किया स्टार्टअप इंडिया झारखंड यात्रा 2018 का शुभारंभ रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं है. हमारे युवाओं में काफी संभावनाएं हैं. स्टार्टअप के माध्यम से युवा न केवल व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, बल्कि देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा भी बिखेर सकेंगे. झारखंड सरकार स्टार्टअप […]
विज्ञापन
सीएम ने किया स्टार्टअप इंडिया झारखंड यात्रा 2018 का शुभारंभ
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं है. हमारे युवाओं में काफी संभावनाएं हैं. स्टार्टअप के माध्यम से युवा न केवल व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, बल्कि देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा भी बिखेर सकेंगे.
झारखंड सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए काफी छूट प्रदान कर रही है. श्री दास ने उक्त बातें प्रोजेक्ट भवन में स्टार्टअप इंडिया झारखंड यात्रा 2018 के शुभारंभ के बाद कही. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने स्टार्टअप पॉलिसी का लाभ लिया है, वे इसके प्रति लोगों में जागरूकता फैलायें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ ले सकें. जरूरत होगी, तो सरकार पॉलिसी में और बदलाव करेगी.
आइटी सेक्टर में भारत काफी आगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आइटी सेक्टर में भारत काफी आगे है. सॉफ्टवेयर के मामले में तो पूरी दुनिया में भारत के लोग डंका बजा रहे हैं. मोमेंटम झारखंड के दौरान अमेरिका यात्रा करने का मौका मिला. वहां भी बड़ी-बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों की कमान भारतीयों के हाथों में ही है.
इसी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत की है. आज स्टार्टअप में भारत अमेरिका और ब्रिटेन के बाद तीसरे स्थान पर है. हमें मिल कर इसे पहले स्थान पर लाना है. नौजवानों के लिए प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप के साथ-साथ स्टैंडअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया की शुरुआत की है. इनका असर देखने को मिल रहा है.
कार्यक्रम में अच्छा काम करनेवाले 19 स्टार्टअप को सम्मानित किया गया. इसके बाद स्टार्टअप के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक वैन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, आइटी सचिव विनय कुमार चौबे, आइटी निदेशक उमेश प्रसाद साह समेत कई लोग उपस्थित थे.
रांची के बूट कैंप की जवाबदेही आइआइएम को
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम), सूचना प्रौद्योगिकी और ई-गवर्नेंस विभाग की ओर से आयोजित स्टार्टअप इंडिया झारखंड यात्रा के तहत आठ जिलों को बूट कैंप भी दिये गये हैं. रांची समेत देवघर, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह, हजारीबाग, पलामू जिलों को यह बूट कैंप आयोजित करने की जवाबदेही दी गयी.
केंद्र सरकार के छोटे शहरों में भी स्टार्ट अप उद्यमियों की पहचान कर उन्हें एक बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए यह कैंप शुरू किया गया है. प्रत्येक बूट कैंप में 150-150 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं. रांची के बूट कैंप के आयोजन के लिए आइआइएम रांची को जवाबदेही सौंपी गयी. संस्थान के डॉ रोहित कुमार ने कैंप के लिए 50 टीमों का चयन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




