कोलेबिरा : 44 माह के लंबे इंतजार के बाद मिला न्याय, मृतक मनोज कुमार के पिता बोले, फैसले से संतुष्ट हूं

Updated at : 04 Jul 2018 7:37 AM (IST)
विज्ञापन
कोलेबिरा : 44 माह के लंबे इंतजार के बाद मिला न्याय, मृतक मनोज कुमार के पिता बोले, फैसले से संतुष्ट हूं

कोलेबिरा : कोर्ट द्वारा कोलेबिरा विधायक एनोस एक्का को आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने पर मृतक मनोज के परिजनों ने खुशी का इजहार किया है. मृतक मनोज कुमार के पिता शूरसेन प्रताप प्रखर ने कहा घटना के 44 माह के लंबे इंतजार के बाद आये फैसले से संतुष्ट हूं. मेरे पुत्र को अब वापस […]

विज्ञापन
कोलेबिरा : कोर्ट द्वारा कोलेबिरा विधायक एनोस एक्का को आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने पर मृतक मनोज के परिजनों ने खुशी का इजहार किया है. मृतक मनोज कुमार के पिता शूरसेन प्रताप प्रखर ने कहा घटना के 44 माह के लंबे इंतजार के बाद आये फैसले से संतुष्ट हूं.
मेरे पुत्र को अब वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उसके हत्यारों को आजीवन करावास हुई है. इससे उन्हें संतोष मिला है.
न्यायालय के फैसले का हम सम्मान करते हैं. माता श्यामा देवी भी न्यायालय के फैसले से खुश हैं. कहा कि मेरे बेटे की आत्मा को इस फैसले से शांति जरूर मिलेगी. मनोज के बड़े पुत्र कुणाल केशव जो इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं, वह भी फैसले से खुश हैं.
उसने कहा कि पिता तो हमारे बीच नहीं रहे, किंतु न्यायालय ने जो फैसला सुनाया है, वह सभी के लिए सबक है. छोटे पुत्र कर्ण केशव ने भी न्यायालय के फैसले को लेकर खुशी जतायी है. मनोज के तीनों भाई अनिल कुमार, संजय कुमार एवं अरविंद कुमार ने भी न्यायालय के फैसले को उचित ठहराया.
सिमडेगा : कोर्ट परिसर में रही गहमा-गहमी
सिमडेगा : कोलेबिरा विधायक एनोस एक्का को मंगलवार को सजा सुनायी गयी. उनके खिलाफ सुनाये जाने वाले फैसले को लेकर सिमडेगा कोर्ट परिसर में मंगलवार को काफी गहमा-गहमी देखी गयी.
कोर्ट खुलने के साथ ही शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से कई झापा कार्यकर्ता कोर्ट परिसर पहुंचे. जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा था, वैसे-वैसे लोगों की धड़कनें तेज हो रही थी. हर किसी को फैसला का बेसब्री से इंतजार था. सभी लोगों की निगाहें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट की ओर थी. आखिर फैसले की घड़ी आ गयी. फैसले की सुनवाई से पूर्व धनेश्वर बड़ाइक को कोर्ट में लाया गया.
उसकी पत्नी व बच्चे उसके पीछे दौड़ रहे थे. कोर्ट के अंदर वीडियो काॅन्फ्रेसिंग से मामले की सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान 30 जून को ही विधायक एनोस एक्का तथा धनेश्वर बड़ाइक को दोषी करार दिया गया था. आज सुनवाई के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार श्रीवास्तव ने विधायक एनोस एक्का तथा धनेश्वर बड़ाइक को आजीवन कारवास की सजा सुनायी.
सजा मिलने की सूचना पर कोर्ट परिसर में स्थित झापा कार्यकर्ताओं में मायूसी दिखी. वहीं मृतक पारा शिक्षक मनोज के भाइयों के चेहरे पर रौनक दिखी. फैसले से मनोज के भाइयों को सुकून मिला. मनोज के भाई सुबह से ही कोर्ट परिसर में सुनवाई के इंतजार में बैठे थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola