रामगढ़ के गिद्दी में नौ दिवसीय महायज्ञ शुरू, रैलीगढ़ा से निकाली गई कलश यात्रा

Updated at : 19 Mar 2026 10:00 AM (IST)
विज्ञापन
Ramgarh News

महायज्ञ स्थल पर गिद्दी थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह (बीच में) और यज्ञाचार्य एवं श्रद्धालुगण. फोटो: प्रभात खबर

Ramgarh News: रामगढ़ के गिद्दी में चैती नवरात्र के अवसर पर नौ दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई. सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. दामोदर तट पर वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए. 27 मार्च को पूर्णाहुति और 28 मार्च को भंडारे का आयोजन किया जाएगा. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गिद्दी से रंजीत कुमार की रिपोर्ट

Ramgarh News: झारखंड में रामगढ़ जिले के गिद्दी में चैती नवरात्र के पहले दिन गुरुवार से श्रीश्री 108 शिव हनुमान राधा कृष्ण राम दरबार नौ दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत हो गई है. यहां पर हर साल चैती नवरात्र के मौके पर महायज्ञ का आयोजन किया जाता है. नवरात्र के पहले दिन महायज्ञ शुरू होने से पहले रैलीगढ़ा के शिव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई. इस कलश यात्रा का उद्घाटन गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह और महायज्ञ समिति के अध्यक्ष अवधेश कुमार उपाध्याय ने किया.

कलश यात्रा से सैकड़ों महिलाएं हुईं शामिल

कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं, जो सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे और भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ रही थीं. श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. कलश यात्रा गिद्दी के दामोदर नदी तट पर पहुंची, जहां यज्ञाचार्य जीवन पांडेय के नेतृत्व में यजमान सुदामा शर्मा और प्रमिला देवी द्वारा विधिवत पूजन कराया गया. यहां वरुण पूजन सहित कई धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए. इसके बाद कलश में पवित्र जल भरकर सभी श्रद्धालु दोबारा यज्ञ मंडप की ओर लौटे.

यज्ञ मंडप में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम

यज्ञ मंडप पहुंचने के बाद मंडप प्रवेश सहित कई अन्य धार्मिक विधियां पूरी की गईं. पूरे वातावरण में मंत्रोच्चार और भक्ति की ध्वनि सुनाई देती रही. यज्ञाचार्य जीवन पांडेय ने बताया कि शुक्रवार से श्रद्धालु यज्ञ मंडप की परिक्रमा शुरू करेंगे, जो पूरे नौ दिनों तक जारी रहेगी.

27 मार्च को पूर्णाहुति, 28 को भंडारा

महायज्ञ समिति के अध्यक्ष अवधेश कुमार उपाध्याय और सचिव प्रेमचंद शर्मा ने जानकारी दी कि इस नौ दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति 27 मार्च को हवन के साथ की जाएगी. इसके अगले दिन 28 मार्च को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: गुमला में दोस्ती और भरोसे को किया दागदार, महिला दोस्त ने टीचर को लगा दिया 32 लाख का चूना

युवाओं की सक्रिय भागीदारी

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं की अहम भूमिका है. आयोजन समिति के सदस्य अनिल नायक, विकास ओझा, सतीश कुमार, विक्की कुमार, सुमित पांडेय, कुणाल शर्मा, मनीष कुमार, सन्नी बेदिया, करण मुंडा, प्रिंस कुमार सहित कई युवा पूरी निष्ठा के साथ योगदान दे रहे हैं. इनकी मेहनत से आयोजन व्यवस्थित और सफल तरीके से संचालित हो रहा है.

इसे भी पढ़ें: इंतजार खत्म! टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की जल्द बढ़ेगी सैलरी, ग्रेड रिवीजन पर आज लग सकती है मुहर

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola