चितरपुर ज्वेलर्स लूटकांड : बिहार के नालंदा का विभाष निकला मास्टरमाइंड

Published by :SAROJ TIWARY
Published at :22 Apr 2026 11:28 PM (IST)
विज्ञापन
चितरपुर ज्वेलर्स लूटकांड : बिहार के नालंदा का विभाष निकला मास्टरमाइंड

चितरपुर ज्वेलर्स लूटकांड : बिहार के नालंदा का विभाष निकला मास्टरमाइंड

विज्ञापन

पुलिस के सामने अपराधियों की गिरफ्तारी और आभूषण बरामदगी की चुनौती गिरफ्तार अपराधियों से की जा रही है पूछताछ, इसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं सुरेंद्र कुमार / शंकर पोद्दार चितरपुर. रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर -रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की लूट के दूसरे दिन पुलिस जांच तेज हो गयी है. इस वारदात में अब बिहार कनेक्शन सामने आया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे लूटकांड का मास्टरमाइंड बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला विभाष पासवान उर्फ मृगेंद्र पासवान है. उसने अपने गिरोह के साथ मिल कर इस वारदात को अंजाम दिया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती लूटे गये करीब 1.05 करोड़ रुपये के आभूषण और नकद की बरामदगी के साथ फरार अपराधियों की गिरफ्तारी है. पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को पकड़ा है. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. चार अन्य अब भी फरार हैं. गिरफ्तार अपराधियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. इसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है. पुलिस की टीम झारखंड के साथ-साथ बिहार के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है. बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य पेशेवर अपराधी हैं. पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रह चुके हैं. इनमें से एक अपराधी हाल ही में जेल से बेल पर बाहर आया था. बाहर आते ही इस वारदात को अंजाम दिया. दो अपराधी गिरफ्तार, चार अब भी फरार पुलिस ने इस मामले में सुभानी अंसारी (पिता अब्दुल जबार अंसारी, ग्राम बरकठी, थाना कुजू, जिला रामगढ़) और आनंद कुमार (पिता स्व अनिल कुमार, गली नंबर-6, नियर रेड रोज स्कूल, देवी मंडप रोड हेसल, थाना पंडरा, जिला रांची) को पकड़ा है. दोनों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किये हैं. इनके बयान के आधार पर पुलिस अन्य अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. फरार अपराधियों में शमशेर आलम (ग्राम मनुआ फुलसराय, थाना रामगढ़) सहित तीन अन्य शामिल हैं. इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. 500 ग्राम सोना, 20 किलो चांदी और नकद लूट : पीड़ित व्यवसायी विष्णु प्रसाद ने बताया कि अपराधी ग्राहक बन कर दुकान में घुसे और पिस्टल का भय दिखा कर लगभग 500 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 20 किलो चांदी के आभूषण लूट कर ले गये. इसके अलावा काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद भी अपराधी अपने साथ लेकर फरार हो गये. लूटे गये आभूषणों की कुल कीमत लगभग 1.05 करोड़ रुपये आंकी गयी है. सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिल रहे हैं सुराग : पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. प्रारंभिक जांच में अपराधियों की गतिविधियां संदिग्ध पायी गयी हैं. तकनीकी टीम मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सर्विलांस के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. लूटे गये आभूषणों की बरामदगी भी कर ली जायेगी. क्राइम मीटिंग के कुछ घंटे बाद ही वारदात : 21 अप्रैल को ही रामगढ़ के नवनियुक्त एसपी ने सभी थाना प्रभारियों के साथ क्राइम मीटिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये थे. बैठक के कुछ ही घंटों बाद अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चुनौती बढ़ा दी. व्यवसायियों में भय और आक्रोश : इस घटना के बाद चितरपुर और आसपास के क्षेत्रों के व्यवसायियों में आक्रोश और भय है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस लूट से कारोबार पर बुरा असर पड़ेगा. व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी को और सुदृढ़ करने की मांग की है. उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जायेगा. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. कई ठिकानों पर छापेमारी जारी है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की घेराबंदी की जा रही है.

विज्ञापन
SAROJ TIWARY

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola