नेमरा में प्रथम पुण्यतिथि की तैयारियां तेज, अधिकारियों ने लिया विकास कार्यों का जायजा

फोटो फाइल : 31गोला,05- तैयारी का जायजा लेते अधिकारी फोटो फाइल : 31गोला,06- आयुष्मान आरोग्य मंदिर की चहारदीवारी पर बनायी गयी पेंटिंग | Prabhat Khabar Network
झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के लिए नेमरा में तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गोला: झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि चार अगस्त को उनके पैतृक गांव नेमरा में आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं. कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री के निजी सलाहकार पिंटू श्रीवास्तव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नेमरा एवं लोकायतन परिसर का दौरा कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की.
उन्होंने कार्यक्रम स्थल, निर्माणाधीन कार्यों और विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत , एसडीपीओ आलोक रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सड़क, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया. जानकारी के अनुसार सोना सबरन प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जायेगी. इसके लिए प्रतिमा स्थल को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
विद्यालय परिसर में तीन नये चबूतरों का निर्माण कराया जा रहा है तथा पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है. विद्यालय भवन का रंग-रोगन भी कराया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान परिसर आकर्षक दिखाई दे. नेमरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण किया गया है.
मंदिर की चहारदीवारी पर झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली पारंपरिक कलाकृतियां उकेरी गयी हैं. इसके साथ ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मांदर, नगाड़ा तथा अन्य जनजातीय सांस्कृतिक प्रतीकों के चित्र भी बनाये गये हैं, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं.
इसके अलावा धमकुड़िया भवन के समीप दो लाख लीटर क्षमता की पेयजल टंकी का निर्माण किया जा रहा है. आंगनबाड़ी केंद्र की चारदीवारी का रंग-रोगन, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रौरौ में शौचालय निर्माण सहित कई विकास कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं. नेमरा गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण, आहरनाला पर पुल निर्माण, गार्ड वॉल निर्माण समेत दर्जनों योजनाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है.
बताया जाता है कि चार अगस्त को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे. इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी प्रस्तावित है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लोकायतन परिसर में विशाल पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है.
प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाया जाये. मौके पर झामुमो नेता विनोद किस्कू, सतीश कुमार, विनोद महतो, फकरुद्दीन अंसारी, सकलदेव करमाली सहित अन्य लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










