घरेलू गैस की अचानक बढ़ी मांग, एजेंसियों पर सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं उपभोक्ता.

Updated at : 12 Mar 2026 10:18 PM (IST)
विज्ञापन
घरेलू गैस की अचानक बढ़ी मांग, एजेंसियों पर सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं उपभोक्ता.

घरेलू गैस की अचानक बढ़ी मांग, एजेंसियों पर सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं उपभोक्ता.

विज्ञापन

कॉमर्शियल गैस आपूर्ति ठप, शादी और होटल कारोबार पर बढ़ा संकट. रामगढ़. अमेरिका-इजराइल-ईरान जंग की आंच एलपीजी गैस सिलिंडर में दिख रही है. रामगढ़ जिले के गैस गोदामों पर घरेलू गैस उपभोक्ताओं का दबाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है. एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गयी है. होम डिलीवरी के स्थान पर लोग एजेंसी दुकानों और गोदामों तक गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं. लोग ऑटो, बाइक और कार लेकर गोदाम के आसपास सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं. रसोई गैस की बुकिंग के बाद चार से पांच दिन के बाद उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल रहा है. देरी से बचने के लिए सभी ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग समय से पहले ही कर रहे हैं. पिछली बुकिंग से 45 दिन तक का इंतजार भी उपभोक्ता नहीं कर रहे हैं. ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर भी कभी-कभी नोट-रिचेबल हो रहा है. मध्याह्न भोजन पर भी असर : रामगढ़ जिले में मध्याह्न भोजन बनाने में जहां गैस सिलिंडर का इस्तेमाल होता है, वहां अब सिलिंडर के स्थान पर कोयला से खाना बनाना शुरू कर दिया गया है. घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देने के लिए व्यवसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गयी है. इससे शादी और विभिन्न आयोजनों में काफी परेशानी बढ़ गयी है. रामगढ़ शहर में 25 से अधिक शादी घर और 50 से अधिक बड़े रेस्टोरेंट में व्यवसायिक सिलिंडर की कमी होने लगी है. होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की परेशानी बढ़ गयी है. शादी के सीजन में व्यवसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से कैटरर भी परेशान हैं. होटल वेव्स के संचालक संजीव ने बताया कि रामगढ़ गैस एजेंसी से हमारी गैस आती थी. एजेंसी का कहना है कि कंपनी ने दस दिनों से व्यवसायिक गैस देने के लिए बंद कर दिया है. इस समस्या का दूसरा विकल्प तलाशा जा रहा है. शिवम इन रेस्टोरेंट के संचालक विजय मेवाड़ ने बताया कि गैस एजेंसी वालों का कहना कि गैस आउट ऑफ स्टॉक है. पुराना गैस स्टॉक से काम चल रहा है. गैस को लेकर असमंजस की स्थिति है. दूसरे विकल्प की तलाश की जा रही है. होटल संचालकों ने बताया कि यही स्थिति रही, तो कुछ दिन के बाद तालाबंदी की स्थिति हो जायेगी. ठेला वाले, खोमचा वाले, चाट वाले भी कॉमर्शियल सिलिंडर का प्रयोग करते हैं. इनके कारोबार पर भी असर दिखने लगा है. पद्मावती गैस एजेंसी : संचालक ने बताया कि व्यवसायिक गैस की आपूर्ति बंद है. घरेलू गैस सिलिंडर बुक होने के बाद पांच से छह दिन में उपभोक्ता काे उपलब्ध कराया जा रहा है. गैस की कीमत में पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है. घरेलू गैस की आपूर्ति 25 दिन के स्थान पर 45 दिन में की जायेगी. इससे संबंधित नोटिस एजेंसी में लगाया गया है. फिलहाल घरेलू गैस सिलिंडर आपूर्ति में कोई संकट नहीं है. उपभोक्ता पैनिक होकर बुकिंग करा रहे हैं. इंडेन माता रानी गैस एजेंसी, कैथा के बाहर नोटिस लगाया गया है. इसमें लिखा गया है कि गैस नहीं है, आने पर गैस दी जायेगी. विभागीय स्तर पर कोई जानकारी नहीं मिली है : जिला आपूर्ति पदाधिकारी : रंजीता टोप्पो ने बताया कि विभागीय स्तर पर कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. इसमें दूसरे घरेलू गैस सिलिंडर के लिए 25 दिन की अवधि को बढ़ा कर 45 दिन कर दिया गया है. हो सकता है कि एजेंसियों को उनके कंपनी द्वारा कोई निर्देश प्राप्त हुआ हो. एक-दो दिन में जिला स्तर में होने वाली बैठक में मिले निर्देश पर गैस की घरेलू व व्यवसायिक आपूर्ति को लेकर कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
SAROJ TIWARY

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola