मुख्यमंत्री की शादी की वर्षगांठ बनी खास, भक्तों ने यादगार पल को कैमरे में किया कैद
Published by : SAROJ TIWARY Updated At : 07 Feb 2026 10:56 PM
मुख्यमंत्री की शादी की वर्षगांठ बनी खास, भक्तों ने यादगार पल को कैमरे में किया कैद
रजरप्पा. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी शादी की वर्षगांठ पर परिवार संग रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंचे. मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी को नजदीक से देखने के लिए भक्तों की नजरें ठहर गयी. कई श्रद्धालुओं ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन एवं बड़े पुत्र नितिन सोरेन भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मुख्यमंत्री परिवार को देखने की उत्सुकता बनी रही. मुख्यमंत्री के आगमन से रजरप्पा मंदिर परिसर की रौनक और बढ़ गयी. मंदिर क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा. पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि आज हमलोग अपनी शादी की वर्षगांठ पर यहां मां छिन्नमस्तिके का आशीर्वाद लेने आये हैं. सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर, नेताओं ने किया स्वागत : मुख्यमंत्री के रजरप्पा आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया. रामगढ़ जिला पुलिस ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. विधायक ममता देवी, झामुमो के रामगढ़ जिला संयोजक मंडली प्रमुख विनोद किस्कू, केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो,कांग्रेस नेता अमित कुमार महतो, झामुमो नेता विनय मुन्ना सहित झामुमो नेताओं ने मुख्यमंत्री एवं उनकी पत्नी का अभिनंदन किया. मंदिर न्यास समिति के पुजारियों ने मुख्यमंत्री को मां छिन्नमस्तिके मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. भक्तों को 30 मिनट पहले रोका गया : सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया. पूजा कार्यक्रम से लगभग 30 मिनट पूर्व ही आम श्रद्धालुओं को मुख्य मंदिर में प्रवेश से अस्थायी रूप से रोक दिया गया था. इसके कारण मंदिर परिसर के बाहर कुछ देर तक भक्तों की कतार लगी रही. उधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चितरपुर से लेकर रजरप्पा मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवान तैनात किये गये थे. वीआइपी गेस्ट हाउस से रांची रवाना : पूजा के बाद मुख्यमंत्री सीसीएल रजरप्पा स्थित वीआइपी गेस्ट हाउस पहुंचे. यहां उन्होंने कुछ देर तक विश्राम किया. इसके बाद मुख्यमंत्री परिवार सहित रांची के लिए रवाना हो गये. मौके पर रामगढ़ उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, डीडीसी आशीष अग्रवाल, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार व रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










