रामगढ़ के नयामोड़ फोरलेन चौराहा में दुर्घटनाग्रस्त कार में लगी आग, बीच सड़क पर अफरा-तफरी

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :07 May 2026 10:30 PM (IST)
विज्ञापन
Ramgarh News

कुजू के नयामोड़ में धू-धूकर जलती कार. फोटो: प्रभात खबर

Ramgarh News: रामगढ़ के कुजू क्षेत्र स्थित नयामोड़ फोरलेन चौराहा के पास दुर्घटनाग्रस्त कार में अचानक आग लग गई. हादसे में कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया. टोचन के दौरान कार धू-धू कर जल उठी. पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू क्षेत्र स्थित नयामोड़ फोरलेन चौराहा पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दुर्घटनाग्रस्त कार में अचानक आग लग जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.

अज्ञात वाहन से टकराई थी कार

जानकारी के अनुसार आई-10 कार संख्या जेएच02क्यू-7625 पर सवार होकर घाटो निवासी एक परिवार कहीं जा रहा था. इसी दौरान नयामोड़ फोरलेन चौराहा से पहले पुल के समीप उनकी कार एक अज्ञात वाहन से टकरा गई. हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं. घटना के बाद परिवार के सदस्य इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम चले गए. दुर्घटना के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई थी.

टोचन के दौरान कार में लगी आग

बताया गया कि हादसे के बाद कार चालक क्षतिग्रस्त वाहन को ऑटो की मदद से टोचन कर नयामोड़ स्थित एक गैराज ले जा रहा था. इसी दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते वाहन में आग लग गई. कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी. आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

इसे भी पढ़ें: पलामू डीसी ने एमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार लाने का दिया अल्टीमेटम

पुलिस और स्थानीय लोगों ने बुझाई आग

सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार सवार परिवार वाहन से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

इसे भी पढ़ें: प्रसव पीड़ा के बाद पांकी सीएचसी में भर्ती महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola