अपराधी अपराध करना छोड़ दें, नहीं तो जायेंगे सलाखों के अंदर : डीआईजी

Published by : VIKASH NATH Updated At : 21 May 2026 8:32 PM

विज्ञापन

हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआइजी अंजनी कुमार झा ने गुरुवार को मांडू थाना का वार्षिक निरीक्षण किया.

विज्ञापन

पुलिस उप महानिरीक्षक ने मांडू थाना का किया वार्षिक निरीक्षण मांडू. हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआइजी अंजनी कुमार झा ने गुरुवार को मांडू थाना का वार्षिक निरीक्षण किया. इस अवसर पर रामगढ़ जिला पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन किया और लंबित मामलों की समीक्षा की. डीआइजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी केस फाइलें समय पर अपडेट हों और अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये. उन्होंने कहा कि अनुसंधान की गुणवत्ता और समयबद्ध कार्रवाई से ही जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है. जिले के चर्चित गैंगस्टर राहुल दुबे के संबंध में उन्होंने कहा कि पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही अपराधियों तथा उनके संरक्षकों को सलाखों के पीछे भेजा जायेगा. इसके अलावा उन्होंने कोयला तस्करी पर अंकुश लगाने और नशाखोरी व अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, मालखाना व्यवस्था और आगंतुकों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. साथ ही पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाये रखने तथा शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने थाना क्षेत्र की समस्याओं, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि शांति बनाये रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का निर्देश डीआइजी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया. उन्होंने नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने और सतर्कता बनाए रखने पर बल दिया. निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि मांडू थाना परिसर में जब्त वाहनों की संख्या अधिक है, जिससे जगह की समस्या उत्पन्न हो रही है. उन्होंने संबंधित मामलों का शीघ्र निस्पादन कर वाहनों को हटाने और परिसर को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान मुकेश कुमार लुनायत, मेजर मंटू यादव, इंस्पेक्टर रजत कुमार, थाना प्रभारी सदानंद कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे.

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola