गिरजाघर में विशेष आराधना से शुरू हुआ तीन दिवसीय पास्का पर्व

Updated at : 02 Apr 2026 10:00 PM (IST)
विज्ञापन
गिरजाघर में विशेष आराधना से शुरू हुआ तीन दिवसीय पास्का पर्व

गिरजाघर में विशेष आराधना से शुरू हुआ तीन दिवसीय पास्का पर्व

विज्ञापन

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर

पलामू जिले में तीन दिवसीय पास्का पर्व की शुरुआत पुण्य वृहस्पतिवार की चर्च आराधना से हुई. जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित गिरजाघरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और प्रार्थना सभाएं आयोजित की गयीं. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित शांति की महारानी गिरजाघर में शाम पांच बजे से धर्मविधि अनुष्ठान आरंभ हुआ. इस अवसर पर काफी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रभु यीशु के संदेशों को याद किया.पूजा अनुष्ठान का संचालन फादर क्रिस्टोफर डुंगडुंग और फादर जॉर्ज तिग्गा के मार्गदर्शन में हुआ. मुख्य अनुष्ठाता जॉर्ज तिग्गा ने विधिवत मिस्सा पूजा संपन्न करायी. उन्होंने बताया कि येरुशलम में अपने अंतिम समय के दौरान प्रभु यीशु ने अपने 12 शिष्यों के साथ भोजन किया और उनके पैर धोकर प्रेम, नम्रता, सेवा, क्षमा और शालीनता का संदेश दिया. इसी परंपरा का पालन करते हुए चर्च आराधना के दौरान 12 श्रद्धालुओं के पैर धोये गये. इस अनुष्ठान के माध्यम से समाज में भाईचारे, परोपकार और शत्रुओं को क्षमा करने का संदेश दिया गया. आराधना के क्रम में मसीही विश्वासियों ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया. इस अवसर पर रोमन कैथोलिक चर्च से जुड़े कचरवा, कुसुम टांड, चियांकी और बिरसा नगर सहित कई यूनिट के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए.

यूनियन व सीएनआइ चर्च में प्रभु भोज

गुड फ्राइडे से पूर्व वृहस्पतिवार को शहर के यूनियन चर्च और सीएनआइ चर्च में भी विशेष आराधना और प्रभु भोज अनुष्ठान का आयोजन हुआ. यूनियन चर्च में पादरी प्रभु रंजन मसीह ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रभु भोज संपन्न कराया. इस दौरान मिस्सा पूजा और विशेष प्रार्थना सभा हुई. पादरी मसीह ने प्रभु यीशु के बताये मार्ग का अनुसरण करते हुए 12 शिष्यों का पैर प्रछालन किया. उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने सेवा, भाईचारा और प्रेम का संदेश दिया है. पैर धोने की परंपरा से यह स्पष्ट होता है कि समाज में सभी को समानता और न्याय धर्म का पालन करना चाहिए. महिला संघ ने प्रार्थना गीत प्रस्तुत कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया. इस अवसर पर डॉ. नीलम होरो, करूणा तिर्की, बिंदा तिर्की, अरपन, विलसन, सौरभ और नीलम सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे. इधर रेड़मा स्थित सीएनआइ चर्च में भी शाम छह बजे से विशेष आराधना और प्रार्थना सभा आयोजित हुई. पादरी जकरियस तिर्की के देखरेख में अनुष्ठान संपन्न हुआ. मौके पर सुनील तिर्की, हीरामणी तिर्की, इंदू कला तिर्की और निर्मला कच्छप सहित बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola