जेपीएससी में पारदर्शिता की मांग पर पलामू में भाजयुमो का मशाल जुलूस, बुधवार को रांची में महाघेराव

पलामू के मेदिनीनगर में मशाल जुलूस निकालते भाजयुमो के कार्यकर्ता. फोटो: प्रभात खबर
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने पलामू में मशाल जुलूस निकाला. यह आंदोलन युवाओं के भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए है.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu BJYM Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने आंदोलन तेज कर दिया है. इसी कड़ी में 22 जुलाई को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय के प्रस्तावित लोकतांत्रिक घेराव से पहले मंगलवार की शाम पलामू में मशाल जुलूस निकालकर जनजागरण अभियान चलाया गया. शहर के छहमुहान चौक से निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग उठाई. भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है. संगठन ने युवाओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है.
युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं : डॉ विपुल गुप्ता
मशाल जुलूस के दौरान भाजयुमो पलामू जिलाध्यक्ष डॉ विपुल गुप्ता ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का जेपीएससी जैसी संवैधानिक संस्था पर विश्वास बना रहे. उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिलना चाहिए. यदि भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं तो यह पूरे चयन तंत्र की विश्वसनीयता को प्रभावित करता है.
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के समर्थन में आंदोलन
भाजपा पलामू जिलाध्यक्ष डॉ. अमित तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि राज्य के लाखों युवाओं के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी के मन में चयन प्रक्रिया को लेकर संदेह न रहे. उन्होंने युवाओं से 22 जुलाई को रांची में आयोजित लोकतांत्रिक घेराव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है.
उत्तर पुस्तिकाएं सार्वजनिक करने की उठी मांग
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री विश्वजीत पाठक ने कहा कि यदि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है तो मुख्य परीक्षा की स्कैन की गई उत्तरपुस्तिकाएं सभी अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए. इसके साथ ही मूल्यांकन, मॉडरेशन और मेरिट सूची तैयार करने की पूरी प्रक्रिया भी सार्वजनिक की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि इससे अभ्यर्थियों के मन में किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश समाप्त होगी और आयोग की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में अभ्यर्थियों को सूचना का अधिकार (आरटीआई) और न्यायालय का सहारा लेना पड़ता है, जो व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता को दर्शाता है.
पुरानी परीक्षाओं के विवादों का भी किया जिक्र
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जेपीएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आते रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से 7वीं से 10वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा और 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परीक्षाओं में कई गंभीर सवाल उठे हैं. संगठन के अनुसार, 7वीं से 10वीं जेपीएससी परीक्षा में 54 ओएमआर शीट से जुड़ा विवाद सामने आया था. बाद में न्यायालय के निर्देश के बाद आयोग को संशोधित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी करना पड़ा. वहीं 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में आयु सीमा को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके कारण आवेदन प्रक्रिया के दौरान बदलाव करना पड़ा. परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद भी मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया को लेकर कई अभ्यर्थियों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं. इनमें से कुछ मामले अभी भी न्यायालय में विचाराधीन हैं.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
मशाल जुलूस में भाजयुमो और भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान प्रदेश महामंत्री सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अमित तिवारी, विभाकर नारायण पांडे, शिव कुमार मिश्रा, भाजयुमो प्रदेश मंत्री विश्वजीत पाठक, आईटी सेल के आशीष भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन, शैलेश सिंह, सरवन गुप्ता, महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष लवली गुप्ता, छोटू सिन्हा, विवेक चौबे, रीना किशोर, संजय कुमार, दीप्ति नवल, किसान मोर्चा के प्रदेश समन्वयक जितेंद्र तिवारी, रूद्र सिंह, अंकित, ललिता सहाय, शुभम गुप्ता, छोटू सिंह, राहुल अग्रवाल, ओम प्रकाश दुबे, दीपक सिंह और चंद्रकांत सिंह सहित सैकड़ों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी भर्ती परीक्षा पर विवाद गहराया, यूपी की ब्लैक लिस्टेड एजेंसी से परीक्षा कराने के आरोप
रांची में होगा महाघेराव
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि रांची में होने वाला महाघेराव पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा. उनका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित कर राज्य के युवाओं का आयोग पर विश्वास बहाल करना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और आयोग युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे और भविष्य में ऐसी व्यवस्था विकसित करेंगे, जिससे भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विवादों से मुक्त हो सके.
इसे भी पढ़ें: बोकारो में डाकघर बंद होते ही एटीएम से नहीं निकलता है कैश, 24 घंटे सेवा का दावा बना दिखावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










