डिजिटल गणना का पहला चरण पूरा, आज से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 15 May 2026 9:29 PM

विज्ञापन

डिजिटल गणना का पहला चरण पूरा, आज से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

विज्ञापन

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर पलामू जिले में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) की प्रक्रिया15 मई को समाप्त हो गयी .जिले के साढ़े पांच हजार से अधिक जागरूक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से खुद अपनी गणना की. इस डिजिटल चरण के पूरे होते ही प्रशासन अब जमीनी स्तर पर मकानों की सूची तैयार करने के अभियान में जुट गया है.जिलेभर में 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) एवं मकानों की गणना का कार्य चलेगा. अभियान को त्रुटिहीन बनाने के लिए शुरुआती पांच दिनों तक प्रगणक (इन्यूमरेटर) अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का मैप लेआउट तैयार करेंगे.इस दौरान भवनों का भौतिक सत्यापन और हाउस नंबरिंग का काम पूरा किया जायेगा.इसके बाद प्रगणक मोबाइल एप के जरिये घर-घर जाकर डेटा फीड करेंगे. 33 प्रकार की देनी होगी जानकारियां इस देशव्यापी सर्वे के दौरान प्रगणक हर परिवार से 33 प्रकार की जानकारी मांगेंगे. जिसमें भवन व जनगणना मकान नंबर, फर्श, दीवार और छत की सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी मौजूदा स्थिति,परिवार क्रमांक, कुल सदस्य संख्या, मुखिया का नाम, लिंग और अनुसूचित जाति/जनजाति की जानकारी, कमरों की संख्या, विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पेयजल का स्रोत, बिजली/रोशनी का जरिया,शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी व्यवस्था, स्नानघर, रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन और खाना पकाने का मुख्य ईंधन,रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर, कार, जीप और परिवार का मुख्य अनाज व मोबाइल नंबर आदि शामिल हैं. लापरवाही पर नपेगें कर्मी, सुपरवाइजर करेंगे मॉनिटरिंग जिला प्रशासन ने जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त प्रगणकों को सख्त निर्देश दिये हैं. उन्हें अपने एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) क्षेत्र की सीमाओं, सड़कों और प्रमुख स्थलों का बारीकी से सत्यापन करना होगा. काम में किसी भी तरह की त्रुटि, मकानों के छूटने या दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेसी) को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. पूरे अभियान की लाइव मॉनिटरिंग के लिए सुपरवाइजर और चार्ज अफसरों को लगातार फील्ड में रहने का आदेश दिया गया है. बैंक-आधार विवरण मांगने वालों से रहें सावधान : डीसी डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है. उन्होंने आम लोगों से सर्वे टीम को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक और पारदर्शी तरीके से पूरा हो सके.श्री शेखावत ने यह भी स्पष्ट किया कि डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान किसी भी व्यक्ति से बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, आधार कार्ड या पैन कार्ड से संबंधित जानकारी नहीं मांगी जायेगी. यदि कोई व्यक्ति ऐसी गोपनीय जानकारी मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola