पेट्रोल-डीजल संकट से पलामू में हाहाकार, पंपों पर लगी लंबी कतारें
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 15 May 2026 9:26 PM
पेट्रोल-डीजल संकट से पलामू में हाहाकार, पंपों पर लगी लंबी कतारें
प्रतिनिधि, मेदिनीनगर पलामू जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत से पेट्रोल पंपों पर काफी भीड़ उमड़ रही है. सुबह से ही कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें देखी गयीं. पेट्रोल के दाम में भी बढ़ोतरी हो गयी है. स्थानीय एसो पेट्रोल पंप पर अहले सुबह से ही सैकड़ों वाहन चालक पेट्रोल लेने के लिए घंटों खड़े रहे. पंप पर कार्यरत कर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे. हालांकि वहां डीजल उपलब्ध नहीं था. डीजल मिलने वाले स्थान पर आउट ऑफ स्टॉक का बोर्ड लगा हुआ था. अन्य पेट्रोल पंपों पर जहां थोड़ी मात्रा में पेट्रोल या डीजल उपलब्ध है, वहां भी लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं. कई लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आये. वाट्सएप ग्रुप में लोग पूछ रहे हैं कि कहां तेल मिल रहा है. सूचना मिलने के बाद लोग वहां पहुंचते हैं, लेकिन कुछ देर बाद पता चलता है कि पेट्रोल खत्म हो गया है. इससे लोगों में काफी निराशा देखी जा रही है. अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से लोगों में नाराजगी बढ़ गयी है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई पेट्रोल पंपों पर ‘तेल नहीं है’ का बोर्ड लगा हुआ है. ईंधन नहीं मिलने से वाहन चालकों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक कामकाज करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. डीजल की कमी का असर मालवाहक वाहनों और कृषि कार्यों पर भी पड़ने लगा है. किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं. वहीं छोटे व्यवसायियों और यात्री वाहन चालकों की आमदनी पर भी असर पड़ रहा है. शहर के कुछ वाहन चालकों ने बताया कि जरूरी काम से निकलने के बावजूद घंटों तक पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है. पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बनी है. जैसे ही तेल की नयी खेप पहुंचेगी, स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










