पलामू के हरिहरगंज नगर पंचायत में शपथ ग्रहण, अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी

नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद और नगर पंचायत अध्यक्ष को शपथ दिलातीं उपायुक्त सामीरा एस (बीच में). फोटो: प्रभात खबर
Palamu News: पलामू के हरिहरगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों ने शपथ ली. समारोह में उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी निभाने की अपील की. उपाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार रवि ने जीत दर्ज की. अब नगर के विकास को लेकर नई टीम से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत में बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रखंड सभागार में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही.
अध्यक्ष शीला चौधरी ने संभाली कमान
समारोह की शुरुआत पलामू उपायुक्त सामीरा एस द्वारा हरिहरगंज नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी को शपथ दिलाकर की गई. इसके बाद सभी 16 वार्ड पार्षदों को भी क्रमवार शपथ दिलाई गई. शपथ लेने के बाद अध्यक्ष शीला चौधरी ने नगर के विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लिया.
जनता के भरोसे पर खरा उतरने की अपील
शपथ ग्रहण के बाद उपायुक्त सामीरा एस ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उसे बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने नगर पंचायत को स्वच्छ, हरित और विकसित बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर काम करने की अपील की.
16 वार्ड पार्षदों ने ली शपथ
इस समारोह में वार्ड 1 से आस्मिन परवीन, वार्ड 2 से वृजनंदन साव, वार्ड 3 से अमरजीत कुमार, वार्ड 4 से पिंकी कुमारी, वार्ड 5 से पुष्पा देवी, वार्ड 6 से कृष्ण कुमार, वार्ड 7 से सुशील कुमार रवि, वार्ड 8 से स्वेता देवी, वार्ड 9 से पवन कुमार, वार्ड 10 से अवधेश कुमार मेहता, वार्ड 11 से रामजी पासवान, वार्ड 12 से सूरज देवी, वार्ड 13 से हसीना खातून, वार्ड 14 से रिंकू देवी, वार्ड 15 से त्रिपुरारी राम और वार्ड 16 से अनुराधा कुमारी ने शपथ ग्रहण किया. सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही.
उपाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार रवि की जीत
शपथ ग्रहण के बाद सभागार में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया. निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन और मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई. निर्वाची पदाधिकारी विजय केरकेट्टा की देखरेख में मतगणना हुई, जिसमें वार्ड संख्या 7 के पार्षद सुशील कुमार रवि को 10 वोट मिले, जबकि वार्ड संख्या 2 के वृजनंदन साव को 6 वोट प्राप्त हुए. इस प्रकार, सुशील कुमार रवि ने 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद हासिल किया.
जीत के बाद दिलाई गई शपथ
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने सुशील कुमार रवि को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा. इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें: इंतजार खत्म! टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की जल्द बढ़ेगी सैलरी, ग्रेड रिवीजन पर आज लग सकती है मुहर
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में एलआरडीसी विजय केरकेट्टा, अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. इन अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के गिद्दी में नौ दिवसीय महायज्ञ शुरू, रैलीगढ़ा से निकाली गई कलश यात्रा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




