झारखंड के पलामू में नल-जल योजना फेल, 6 साल बाद भी 29 गांवों तक नहीं पहुंचा पानी

पलामू के सतबरवा में निर्मित पानी टंकी
Palamu News: सतबरवा प्रखंड में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना छह वर्ष बाद भी विफल साबित हो रही है. करोड़ों खर्च के बावजूद 29 गांवों के करीब 30 हजार लोग शुद्ध पेयजल से वंचित हैं. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से रमेश रंजन की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के पांच पंचायत के 29 गांव में करोड़ों की लागत से शुरू की गई भारत सरकार का महत्वाकांक्षी योजना नल-जल योजना पूरी तरह फेल नजर आ रही है. छह साल बीत जाने के बाद भी शुद्ध पेयजल लोगों को नही मिल पाया. जिसके कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है.
नल-जल योजना में, लोगों को नहीं मिल रहा पानी
सतबरवा के पांच पंचायत के करीब 30 हजार आबादी को एक बूंद पानी भी नहीं मिल पाया है. कई गांव मेंं एक चापानल या कुंआ ग्रामीणों का प्यास बुझाने का सहारा बना हुआ है. पेयजल की आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी है. विभाग के द्वारा वर्ष 2019-20 में 29 करोड़ की लागत से योजना की शुरुआत की गई थी. पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके. इसके लिए 29 गांवों में पाइप लाइन भी बिछाया गया, लेकिन आज भी कई घरों में नल तक नहीं लगाया गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है. इस योजना के माध्यम से जलापूर्ति के लिए रबदा के फुलवरिया गांव स्थित औरंगा नदी से रबदा पंचायत के आठ गांव तथा पोंची पंचायत के 10 गांव और मलय डैम में कुआं बनाया गया है. साथ ही कई जल मीनार भी बनाया गया है जिसके तहत बकोरिया पंचायत के चार गांव, दुलसुलमा पंचायत के छह गांव तथा सतबरवा पंचायत के अलग-अलग टोले मोहल्ले में पानी पहुंचाने की योजना थी. मगर अभी भी धरातल पर नहीं उतर पाया है. पिछले वर्ष पेयजल की सप्लाई को लेकर ट्रायल भी किया गया था. लेकिन कई गांव में आज तक नल जल का पानी एक बूंद पानी भी नहीं पहुंच सका है.
ग्रामीणों का कहना
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी का तापमान बढ़ रहा है. घनी आबादी वाला सतबरवा में जल का स्तर नीचे गिरते जा रहा है. गर्मी के दिनों में खासकर अंबेडकर नगर तथा अंसार मोहल्ला समेत अन्य कई मोहल्ले के लोगों को पानी को लेकर काफी हद तक परेशानियों का सामना करना पड़ता है. वहीं, पाइप लाइन बिछाने के दौरान सतबरवा के कई पीएससी सड़क को भी खराब कर दिया गया. जिसके कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है.
नल जल योजना पूरी तरह से फेल : गिरवर
प्रखंड के मुखिया संघ के अध्यक्ष सह पोंची पंचायत के मुखिया गिरवर प्रसाद राम ने बताया हर घर नल जल योजना पूरी तरह से फेल नजर आ रही है. जब योजना की शुरुआत हुई थी तब खासकर ग्रामीण इलाकों में पेयजल की समस्या दूर होने की उम्मीद जगी थी. मगर अब लोग ना उम्मीद होने लगे हैं. इस पर सरकार और विभाग को पहल करनी चाहिए.
झारखंड: पलामू के सतबरवा में 6 साल बाद भी 29 गांवों तक नहीं पहुंचा नल-जल. 30 हजार आबादी प्रभावित, योजना पर उठे सवाल.#Jharkhand #Palamu #NalJalYojana #GroundReport #WaterCrisis #PrabhatKhabar pic.twitter.com/7LKczj3gLa
— Prabhat Khabar (@prabhatkhabar) April 10, 2026
लापरवाही के कारण पेयजल की समस्या
प्रखंड के कई ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण आमलोगों को पेयजल की समस्या से जुझना पड़ रहा है. हर घर नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. दूर दराज से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है. रबदा पंचायत के पूर्व पंसस अरविंद सिंह ने कहा कि जंगली क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जुझना पड़ रहा है. मुक्ता गांव के मोहम्मद रब्बानी अंसारी ने बताया नल तो लगाया गया, लेकिन आज तक एक बूंद पानी नहीं आया है. हलुमांड गांव के योगेन्द्र भुइयां ने बताया कि महत्वाकांक्षी योजना होने के बावजूद लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है. पीने का पानी को लेकर काफी परेशानी हो रही है. होटल व्यवसायी सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रायल होने के बावजूद पानी की आपूर्ति नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में युवा मंच का गठन, आशुतोष चौधरी ने अध्यक्ष पद की शपथ ली
यह भी पढ़ें: सरायकेला में मनरेगा कर्मियों का हड़ताल जारी, 9-10 अप्रैल को ग्रामीण विकास मंत्री आवास घेराव का ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Priya Gupta
प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




