पलामू में होली की खुशियां गम में बदलीं, कोयल नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद पहुंची पुलिस व स्थानीय लोग
पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में होली की खुशियां गम में बदल गयीं. कोयल नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गयी है. इससे पूरे गांव में मातम पसर गया है.
मोहम्मदगंज (पलामू), कुंदन कुमार: झारखंड के पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कादल कुर्मी गांव में सोमवार को होली मना रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गयीं. इस गांव के अशोक यादव की पुत्री रूबी कुमारी (7 वर्ष) व सखीचन्द साव की पुत्री प्रिया कुमारी (8 वर्ष) की मौत कोयल नदी में डूबने से हो गयी. ये घटना दो बजे की है. हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है. अंचल अधिकारी रणवीर कुमार ने बताया कि पानी में डूबने से हुई मौत पर सरकार से मुआवजा देने का प्रावधान है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद आश्रितों को मुआवजा राशि दी जाएगी.
ग्रामीणों की मदद से नदी से निकाला गया शव
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अन्य कई सहेलियों के साथ प्रिया व रूबी भी नदी में नहाने गयी थी. गांव के समीप शिव मन्दिर के समीप कोयल नदी में नहाने के क्रम में सभी बच्चियां डूबने लगीं. कई तैर कर निकल गयीं, मगर दोनों नदी के गहरे पानी में चली गयीं. घटना की सूचना पर मोहम्मदगंज पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से नदी से दोनों को निकाला. चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
कादल मध्य विद्यालय में पढ़ती थीं दोनों
मोहम्मदगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दोनों कादल मध्य विद्यालय में पढ़ती थीं. ग्रामीणों ने बताया कि वे कुशाग्रबुद्धि की थीं. गांव की अन्य बच्चियों को नदी में नहाने जाते देख वे भी साथ में नहाने चली गयी थीं.
आश्रितों को मिलेगा मुआवजा
अंचल अधिकारी रणवीर कुमार ने बताया कि पानी में डूबने से हुई मौत पर सरकार से मुआवजा देने का प्रावधान है. मृतक के आश्रित को मुआवजा मिलेगा. इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी होते तत्काल आश्रित के परिजनों को मुआवजा की राशि दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




